श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर के डीएसपी सुरेंद्रसिंह राठौड ने एक मीडियख कर्मी जसप्रीतसिंह से बदसलूकी करने पर केसरीसिंहपुर थाना में हवलदार पूर्णसिंह पर 24 घंटे में कडी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। श्रीकरणपुर निवासी मीडिया कर्मी जसप्रीतसिंह ने आज सुबह फिर श्रीकरनपुर में डीएसपी सुरेंद्रसिंह राठौड को प्रार्थना पत्र देते हुए परसों मंगलवार शाम 7:30 बजे हवलदार पूर्णसिंह पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। जसप्रीतसिंह ने बताया कि वह पत्नी और बच्चे के साथ स्कूटी पर श्रीगंगानगर से श्रीकरणपुर आ रहा था। रास्ते में कमीनपुरा के पास पुलिसकर्मियों ने नाका लगा रखा था। रुकने का इशारा करने पर उसने स्कूटी रोक दी। वहां तैनात हवलदार पूर्णसिंह बेवजह ही अनाप-शनाप बोलने लगा कि उसने इशारा मिलते ही स्कूटी क्यों नहीं रोकी। जसप्रीत ने कहा कि इशारा देखते ही उसने साइड में स्कूटी रोक ली थी। इसके बावजूद हवलदार अनाप-शनाप बोलते हुए उसकी पत्नी की मौजूदगी में ही अभद्र व्यवहार करने लगा। जब उसने बताया कि वह पत्रकार है। अपना आईडी कार्ड दिखाया तो वह और भी ज्यादा बदसलूकी करने पर उतर आया। तभी वहां आए थानाधिकारी ने हवलदार को हटाया लेकिन वह फिर भी गाली गलौज करता रहा।लाठी दिखा कर पीटने पर भी उतारू हो गया।पत्रकारों के एक संगठन के पदाधिकारियों को साथ लेकर जसप्रीत ने आज सुबह डीएसपी को शिकायत की है। जसप्रीत ने बताया कि डीएसपी ने हवलदार पर 24 घंटे में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।