श्रीगंगानगर
शहर के सूरतगढ़ रोड पर बन रहे सरकारी मेडिकल कॉलेज की छत से गिरकर शुक्रवार को मजदूर की माैत हो गई। मजदूर कॉलेज के ए ब्लॉक में बनी बिल्डिंग की छठी मंजिल पर सीढ़ियों के आगे बने छज्जे से सामान उतार रहा था। इसी दौरान छज्जे सहित वह नीचे आ गिरा। नीचे गिरते ही उसे आसपास के लोगों ने संभाला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिहार का रहने वाला था शिवनंदन
मजदूर शिवनंदन कुमार बिहार के खगरिया में गांव सलीमपुर का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से मेडिकल कॉलेज में मजदूरी कर रहा था। वह मेडिकल कॉलेज कैंपस में बने अस्थाई मकानों में रह रहा था। शुक्रवार सुबह वह अन्य दिनों की तरह मेडिकल कॉलेज में मजदूरी के लिए गया था। सदर थाने के धर्मवीरसिंह ने बताया कि शिवनंदन मेडिकल कॉलेज के ए ब्लॉक में छठी मंजिल पर काम कर रहा था। वह छठी मंजिल पर सीढ़ियों से ऊपर की तरफ बने छज्जे पर काम कर रहा था। इसी दौरान छज्जे सहित नीचे आ गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो माह पहले हुई थी महिला की मौत
दो माह पहले मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग में श्रीगंगानगर में शुगर मिल के पास रहने वाली ममता पत्नी नवीन की मौत हुई। महिला मजदूर ममता यहां पिछले करीब एक साल से काम कर रही थी। वह छठी मंजिल पर काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पांव फिसला और वह नीचे आ गिरी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।