भरतपुर
भरतपुर के मेवात इलाके में तेज बुखार से पिछले 25 दिनों में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें पांच बच्चे हैं। करीब 12 गांव में बुखार का प्रकोप ज्यादा देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यह मौतें डेंगू की वजह से हुई हैं, लेकिन चिकित्सा विभाग न तो डेंगू की पुष्टि कर रहा है और न ही किसी और बीमारी की।
मेवात इलाके के करीब 12 गांव के बुखार के प्रकोप से जूझ रहे हैं। कामां तहसील के इंद्रोली, विलोंद, बड़कली, सबलाना, विलग, लाड़लाका, मुसेपुर, उदाका, ढिलावती, पाई और जुरहरा में अब भी 50 से ज्यादा लोगों को बुखार है। चिकित्सा विभाग लगातार गांव में सर्वे कर रहा है। साथ ही घर-घर जाकर लोगों को दवाएं दी जा रही हैं। चिकित्सा विभाग के अधिकारी डेंगू से मौतें होने से साफ मना कर रहे हैं।