नागौर
नागौर में एक ट्रेलर दो बाइक पर सवार तीन युवकों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयानक था कि तीनों युवक 20 फीट तक ट्रेलर के साथ घिसटते चले गए, लेकिन चमत्कार देखिए कि सभी की जान बच गई। हादसे में दो युवकों को मामूली चोट आई है, जबकि एक गंभीर घायल है। गंभीर घायल को जोधपुर रेफर किया गया है। शनिवार दोपहर हुए रोंगटे खड़े करने वाले इस हादसे का CCTV फुटेज रविवार को सामने आया है।
ऐसे हुई पूरी घटना
एक ट्रेलर तेज स्पीड में जोधपुर की तरफ से नागौर जा रहा था। खींवसर के पदमसर चौराहा पर शनिवार दोपहर साइड से आए बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने ट्रेलर पर कंट्रोल खो दिया। ट्रेलर ने उस बाइक को चपेट में लेते हुए डिवाइडर के दूसरी तरफ खड़ी बाइक को भी टक्कर मार दी।
बाइक ट्रेलर के टायर में फंसी
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक ट्रेलर के टायर में फंस गईं और ट्रेलर तीनों युवकों को बाइक के साथ 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि इसके बाद युवक उछलकर एक तरफ सड़क पर गिर गए। इस वजह से तीनों की जान भी बच गई।