चोरी के तीन मोटरसाइकिल सहित तीन युवक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। इस गिरोह में शामिल तीन युवकों को चोरी के तीन मोटरसाइकिल रखने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए युवकों में स्थानीय पदमपुर बाईपास रोड निवासी अमित पुत्र जसमेलसिंह, गुरुसेवक सिंह पुत्र अशोकसिंह तथा पदमपुर रोड पर मौजपुरा निवासी लखविंदर सिंह पुत्र मिल्खासिंह को शामिल हैं। इनके पास चोरी के तीन मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं। जिला पुलिस के विशेष दल (डीएसटी) के एक हवलदार तेजराजसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर कल देर रात को सदर थाना में इन तीनों युवकों के विरुद्ध चोरी के मोटरसाइकिल रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। तीनों युवकों को तीनों मोटरसाइकिल सहित सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह युवक चुराए हुए मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे। गिरोह में इनका काम चोरी के मोटरसाइकिल बेचने का ही है। चोरी करने वाले युवक दूसरे हैं। बरामद मोटरसाइकिल में से एक लगभग 2 महीने पहले कोतवाली क्षेत्र में हिंदूमलकोट मार्ग पर खालसा कॉलेज एंड स्कूल के बाहर से चोरी हुआ था। दूसरा मोटरसाइकिल कुछ दिन पहले सूरतगढ़ रोड नेशनल हाईवे पर नैक्सा वाहन शोरूम के पास से चोरी हुआ था। तीसरा मोटरसाइकिल इसी सूरतगढ रोड पर जिला अस्पताल के समीप एक दुकान के आगे से कल सुबह चोरी हुआ था। सूत्रों के मुताबिक यहां आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज में चोरी करने वाले युवकों की पहचान हो गई। इसके बाद डीएसटी के हवलदार तेजराजसिंह, सिपाही दयाराम आदि ने छापेमारी कर तीन तीन युवकों को काबू किया और तीन मोटरसाइकिल बरामद किए। सूत्रों ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य युवकों के पकड़ में आने पर कुछ और मोटरसाइकिल भी बरामद होने की संभावना है। श्रीगंगानगर शहर में हाल के दो-तीन महीनों के दौरान लगभग 50 मोटरसाइकिल चोरी हुए हैं। पकड़े गए यह युवक नशा करने के आदी हैं। कल रात दर्ज किए गए मामले की जांच कर रहे एएसआई ताराचंद ने बताया कि तीनों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है। कोर्ट में पेश करने पर इन युवकों का रिमांड मिला है।
निजी हस्पताल के सामने से बाइक चोरी
इस बीच शहर में एक और मोटरसाइकिल चोरी हो गया।सदर थाना अंतर्गत नगर विकास न्यास कार्यालय मार्ग पर डॉ. सुभाष राजोतिया के हॉस्पिटल के सामने से 26 जुलाई को मोटरसाइकिल चोरी हो जाने का मुकदमा कल देर रात को दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक निकटवर्ती गांव साहूवाला के दीपक शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाते बताया कि वह अपने साले का चेकअप करवाने के लिए 26 जुलाई की दोपहर को डॉ. राजोतिया के अस्पताल में आया था। चेकअप करवाने के बाद बाहर आया तो मोटरसाइकिल नहीं मिला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।