नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार शाम अपने कैबिनेट का अब तक का सबसे बड़ा विस्तार किया। नए मंत्रियों के शपथ लेने के दो घंटे के अंदर ही उन्होंने सभी को उनके मंत्रालय भी सौंप दिए। 7 राज्यमंत्रियों को उनकी बेहतर परफॉर्मेंस के लिए प्रमोशन देकर कैबिनेट का हिस्सा बनाया गया है। कई पुराने कैबिनेट मंत्रियों के मंत्रालयाें में फेरबदल किया गया है। इसमें स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल और नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हैं। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय का कार्यभार प्रधान से लेकर उन्हें शिक्षा मंत्रालय सौंप दिया गया है। रेलवे मंत्रालय की जिम्मेदारी पीयूष गाेयल की जगह अश्विनी वैष्णव को दी गई है। कुल 36 नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिली है। इनमें 8 केंद्रीय और 26 राज्य मंत्री हैं।
राज्यमंत्री के पद से प्रमोट हुए अनुराग ठाकुर को खेल मंत्रालय और हरदीप पुरी को पेट्रोलियम मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। हर्षवर्धन को स्वास्थ्य मंत्री के पद से हटाकर मनसुख मंडाविया को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में आने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया मोदी को कैबिनेट में सिविल एविएशन मंत्रालय मिला है। मोदी कैबिनेट में अब मंत्रियों की संख्या 77 हो गई है।