जयपुर
जयपुर में एक बार फिर से बच्चों की तस्करी कर लाने का मामला सामने आया है। ओडिशा की एक 17 साल की किशोरी को मौसी दिल्ली में लेकर आई थी। उसे दिल्ली में दो बार बेच दिया गया। इसके बाद बच्ची को जयपुर में एक परिवार को 51 हजार रुपए में बेच दिया। जयपुर के जवाहर नगर में किशोरी ने परेशान होकर जवाहर नगर पुलिस को फोन कर दिया। उसने पुलिस को कहा कि मैं जवाहर नगर से बोल रही हूं। यहां पर मुझे घर में बंद कर रखा है। मुझे मारते-पीटते है और डराते है। मुझे गांव में मम्मी के पास जाना है। मुझे बचा लो। इसके बाद पुलिस कुछ ही देर में जवाहर नगर में मकान को तलाश करते हुए पहुंच गई। पुलिस ने बच्ची को बालिका गृह में भेज दिया है। एसआई वर्षा गोदारा मामले की जांच कर रही हैं।
मकान को तलाश कर 8 मिनट में पहुंची पुलिस
ये घटना 6 जुलाई को शाम 5.30 बजे की है। ओडिशा की रहने वाली 17 साल की किशोरी ने जयपुर के पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया था। उसने डरते हुए मकान में बंद रखने और मारने-पीटने की बात कहीं। यह बात सुनकर पुलिस अधिकारियों ने तुरंत जवाहर नगर पुलिस को फोन किया। दोबारा उन्हीं नंबरों पर मकान का पता पूछने के लिए फोन किया गया। तब किशोरी ने इतना बताया कि जवाहर नगर के सेक्टर-1 में बत्रा का मकान है। इसके बाद पुलिस की टीम 8 मिनट में ही तलाश करते हुए मकान पर पहुंच गई। वहां पर किशोरी को बुलाकर पूछताछ की गई। किशोरी ने कहा कि उसे यहां पर नहीं रहना है, वह मां के पास ही जाना चाहती है। जवाहर नगर पुलिस ने उसका कोविड टेस्ट कराया। रिपोर्ट नहीं आने के कारण पहले तो दो दिन के लिए उसी परिवार के पास ही रखा था। बाद में कोविड रिपोर्ट आने पर उसे बालिका गृह भेज दिया।
मुंह बोली मौसी दो महीने पहले दिल्ली लाई
किशोरी ने काउंसिलिंग में पुलिस को बताया कि दो महीने पहले उसकी मुंह बोली मौसी उसे ओडिशा से लेकर दिल्ली आई थी। उसे दिल्ली में काम दिलाने का झांसा दिया था। उसे दिल्ली में अनुज नाम के युवक के हवाले कर खुद चंडीगढ़ चली गई थी। वहां से अनुज ने उसे दिल्ली में प्रकाश नाम के युवक को सौंप दिया। इसके बाद प्रकाश उसे दिल्ली से जयपुर में लेकर आ गया। वह 51 हजार रुपए में उसे अतुल बतरा के पास छोड़ कर चला गया। यहां पर उसे कमरे में बंद रखा जाने लगा। उससे घर में जबरदस्ती काम कराया जाता था। उसने गांव जाने की बात कही तो उसे डराने-धमकाने लग गए थे।
अब जयपुर पहुंचेगा किशोरी का परिवार
पुलिस ने किशोरी से नाम-पता और परिवार के बारे में पूछताछ की। इसके बाद किशोरी के परिजनों से संपर्क किया। अब किशोरी के परिजन जयपुर में आएंगे। इसके बाद ही किशोरी परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस ने 9 जुलाई को मुंह बोली बालिका की मौसी अनीता, दलाल अनुज व प्रकाश के अलावा गौरव, अतुल व रुचि के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस कोर्ट में किशोरी के बयान दर्ज कराएगी। इसके बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।