Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

युवक के कब्जे से दो जिंदा कारतूस बरामद

  • बेचने की फिराक में था आरोपी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन पुलिस ने आॅपरेशन वज्र के तहत कार्रवाई करते हुए दो जिंदा कारतूस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार टाउन पुलिस थाना अधीन लखूवाली चौकी प्रभारी एसआई लाल बहादुर चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार शाम को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम इंदिरा गांधी नहर के पटड़ा पर पहुंची तो मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि चक 9 आरपी का शहजाद उर्फ दुला जो बदमाश प्रवृत्ति का व्यक्ति है, वह किसी के इन्तजार में नहर पटड़ा से 9 आरपी की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर खड़ा है। उसके पास कोई आपत्तिजनक वस्तु हो सकती है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां खड़ा एक जना घबराकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उक्त शख्स को रूकवा तलाशी ली तो उसकी लोवर की जेब में दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने जिंदा कारतूस बरामद कर मौके से शहजाद उर्फ दुला (24) पुत्र अयूब खान उर्फ खट्टू निवासी चक 9 आरपी लखूवाली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शहजाद ने बताया कि वह यह कारतूस किसी को बेचने के लिए जा रहा था। वह किसी मोटर साइकिल का इंतजार कर रहा था ताकि मोटर साइकिल पर चढ़कर लखूवाली तक जा सके। मामले की जांच एसआई पूर्णसिंह कर रहे हैं। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल जसवन्त सिंह, कांस्टेबल भागचन्द व हनुमान शामिल थे।