Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

यूएस ओपन:कई खिलाड़ियों से ज्यादा धाक है सेरेना के कोच पैट्रिक की; उनका कोचिंग साम्राज्य फ्रांस से यूएई तक, 50 से ज्यादा कोच उनके अधीन, वे कमेंटेटर भी हैं

सेरेना विलियम्स यूएस ओपन में नहीं हैं, लेकिन उनके कोच पैट्रिक मोराटोग्लू हर जगह हैं। 51 साल के पैट्रिक कई खिलाड़ियों की तुलना में ज्यादा बड़े स्टार हैं। दाढ़ी, काली-सफेद मूंछें, जो परफेक्ट शेप में होती हैं और पर्सनैलिटी पैट्रिक को टेनिस कोच की बजाय एक फ्रेंच दार्शनिक बनाती है। उन्हाेंने खुद पर एक किताब भी लिखी है, जिसका नाम है ‘द कोच’। पैट्रिक 2012 से सेरेना को कोचिंग दे रहे हैं। पैट्रिक कभी टीवी पर इंटरव्यू देते दिख जाते हैं तो कभी बिली जीन किंग नेशनल टेनिस सेंेटर में आॅटोग्राफ साइन करते। 51 साल की उम्र में पैट्रिक टेनिस में सबसे ज्यादा पहचाने जाने वाले स्टार की सूची में शुमार हैं, जबकि फ्रांस में वे सिर्फ एक जूनियर खिलाड़ी हुआ करते थे।

पैट्रिक हर साल 4 हजार खिलाड़ियों का लगाते हैं कैंप
पैट्रिक ऐसे दुर्लभ कोच हैं, जिन्होंने खुद को ब्रांड में बदल दिया है। पैट्रिक का कोचिंग साम्राज्य बहुत बड़ा है। उनकी फ्रांस के दक्षिण में मोराटोग्लू एकेडमी है, जहां 200 टेनिस खिलाड़ियों के लिए सुविधा है। खिलाड़ी वहीं रहते हैं, स्कूल जाते हैं और ट्रेनिंग लेते हैं। वे हर साल 4 हजार खिलाड़ियों के लिए कैंप आयोजित करते हैं।
अगले साल वे ई- कोचिंग भी शुरू करेंगे
अगले साल वे ई-कोचिंग भी शुरू करेंगे। पैट्रिक अल्टीमेट टेनिस शोडाउन के मुख्य आयोजक भी हैं। यह टीवी प्रतियोगिता है, जिसमें कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। ग्रीस में कोस्टा नवारिनो और दुबई में जुमेराह में मोराटोग्लू टेनिस सेंटर है। वे टेनिस मीडिया वेबसाइट में इन्वेस्टर भी हैं। वे ईएसपीएन और यूरोस्पोर्ट में कमेंटेटर भी हैं। बचपन में पैट्रिक एक प्रोफेशनल खिलाड़ी बनने का सपना देखते थे, लेकिन उन्हें माता-पिता से समर्थन नहीं मिला।
16 साल की उम्र में छोड़ दिया था टेनिस
उन्होंने 16 साल की उम्र में टेनिस छोड़ दिया और पढ़ाई पर फोकस किया। 20 साल की उम्र में वे अपने पिता के साथ काम करने लगे, जो फ्रांस में उद्योगपति थे और जिसकी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी थी। 26 साल की उम्र में उन्होंने पिता का साथ छोड़ दिया और अपने टेनिस साम्राज्य की शुरुआत की। उन्होंने पहले युवा खिलाड़ियों की एकेडमी से शुरुआत की।

उन्होंने साइप्रस के मार्कोस बगदातिस और रूस की अनास्तासिया पावल्यूचेंकोवा को ट्रेनिंग दी। 2012 में वे सेरेना से जुड़ गए। उन्होंने इसका इस्तेमाल अपने कद और साम्राज्य को बढ़ाने में किया। उनकी एकेडमी में 50 कोच काम करते हैं। पैट्रिक ऐसे कोच हैं, जो अपने खिलाड़ियों को याद दिलाते रहते हैं कि वे टेनिस की दुनिया के टॉप प्लेयर बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *