Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

यूपी भाजपा अध्यक्ष की रेस में इन 4 नेताओं के नाम, कई और पदों पर है वैकेंसी; एक महीने में होगी नियुक्ति

उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में कई ऐसे नेताओं को जगह मिली है, जो अब तक संगठन में शामिल थे। इसके बाद अब उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन में कई पदों पर चेहरे बदले जाने की तैयारी है। भाजपा एक व्यक्ति एक पद की नीति पर काम करते हुए उन नेताओं को संगठन से हटाने जा रही है, जिन्हें मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा उन लोगों को यहां फिट किया जाएगा, जो सीनियर नेता हैं और कहीं जगह नहीं बना सके हैं। इसके अलावा योगी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रहे उन नेताओं को भी जगह दी जाएगी, जो कैबिनेट का हिस्सा नहीं बन सके हैं। 

यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को ही जलशक्ति मंत्री बना दिया गया है। उनके स्थान पर किसी ब्राह्मण नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाएं चल रही हैं। इस रेस में कुल 4 नाम चल रहे हैं, जिनमें श्रीकांत शर्मा, डिप्टी सीएम रहे दिनेश शर्मा, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम और कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक का नाम चल रहा है। य़े चारों ही नेता ब्राह्मण बिरादरी से आते हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि एक महीने के अंदर प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जाएगा। दरअसल इसी साल के अंत में राज्य में निकाय चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में भाजपा संगठन के पेच कस लेना चाहती है।