जयपुर
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर जारी है। सीकर के फतेहपुर में लगातार चौथे दिन भी तापमान माइनस में दर्ज हुआ। वहीं, चूरू, सीकर, करौली, जोबनेर में भी आज न्यूनतम तापमान माइनस में रहा। इन शहरों में आज भी खुले इलाकों में बर्फ की परत जमी नजर आई। इधर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नागौर जैसे शहर जो कल जमाव बिंदु पर पहुंच गए थे, वहां आज तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन ठण्ड से कोई खास राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के मुताबिक 21 दिसंबर से तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी और सर्दी का असर थोड़ा बहुत कम होगा।
सबसे ठण्डी रात जयपुर के जोबनेर में रहीं, जहां न्यूनतम तापमान -3 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज सर्दी के कारण खेतों में, पेड़ों पर ओंस की बूंदी जमकर कांच के झूमर की तरह दिखने लगी। इससे एक दिन पहले जोबनेर में पारा -5 पर पहुंच गया था, जो पिछले ढाई दशक का सबसे कम तापमान रहा था।