सीकर. राजस्थान में भारी बारिश का दौर शनिवार से फिर लौटने वाला है। इस दौरान शुरूआती दो दिनों में प्रदेश के 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बरसात में तेजी का दौर शुरू होगा। जिससे महीने के अंत तक कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। इस संबंध में मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, स्काई मेट वेदर रिपोर्ट ने भी इसकी संभावना जताई है।
दो दिन इन जिलों में होगी हल्की से भारी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार शनिवार व रविवार को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर व उदयपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बरसात होने की संभावना है। जिलों की बात करें तो इस दौरान अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश होगी। जबकि रविवार को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झुंझुनूं, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर जिलो में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति वाली हवाओं के साथ हल्की तथा कोटा, झालावाड़ व बारां जिले में इस दौरान भारी बारिश होने की संभावना है।
सूखा रहेगा पश्चिम राजस्थान
बारिश का असर पूर्वी राजस्थान में ही रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में इस दौरान मौसम साफ रहेगा। 27 जून को जरूर कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। स्काई मेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्सो में बारिश की गतिविधियां 25 जून के बाद और तेज होगी। बारिश का असर प्रदेश में महीने के अंत तक जारी रहने के आसार है।