जयपुर। राजस्थान में करीब 7 महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा आलाकमान ने प्रदेश में अभी से चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है। पिछले दो सप्ताह से सभी जिलों में प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ जनआक्रोश अभियान के तहत प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। अब मई महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जे.पी.नड्डा सहित संगठन के वरिष्ठ नेता प्रदेश का दौरा करेंगे।
नाथद्वारा में ढट करेंगे विकास कार्यों का शुभारंभ
दस मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिणी राजस्थान में सिरोही जिले के आबू रोड़ में सभा करने के साथ ही राजसमंद जिले में स्थित देश के प्रमुख धार्मिक स्थल नाथद्वारा मंदिर में दर्शन करेंगे। मोदी नाथद्वारा मंदिर में विकास कार्यों का भी शुभारंभ करेंगे।
प्रदेश के भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि मोदी की यात्रा का दक्षिणी राजस्थान के चार जिलों सिरोही, जालौर, राजसमंद और उदयपुर में राजनीतिक लाभ होगा। इन जिलों में 2 दर्जन विधानसभा सीटें हैं।
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुवेर्दी का कहना है कि वैसे तो पूरे प्रदेश में ही मोदी के नाम और काम का असर है। लेकिन आबूरोड़ और नाथद्वारा में पीएम के दौरे से 4 जिलों में विशेष असर होगा।
शाह, राजनाथ और नड्डा भी प्रदेश का दौरा करेंगे
जानकारी के अनुसार पीएम के दौरे के बाद मई के तीसरे सप्ताह में नड्डा कोटा संभाग में पार्टी के पोलिंग बूथ स्तर तक के कार्यकतार्ओं के सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं। इसको लेकर प्रदेश संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नड्डा के संभावित दौरे की तैयारियों को लेकर 2 दिन से प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर बूंदी और कोटा जिलों के दौरे पर हैं। इसी महीने में राजनाथ सिंह का उदयपुर और जयपुर में दौरे का कार्यक्रम बनाया जा रहा है।
शाह करेंगे जून में प्रदेश का दौरा
केंद्रीय गृहिमंत्री अमित शाह जून में प्रदेश का दौरा करेंगे। वे जयपुर और बीकानेर संभाग में सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश के नेताओं के अनुसार आम मतदाताओं को साधने के लिए मोदी, शाह और राजनाथ सिंह के नियमित तौर पर दौरे होंगे। वहीं संगठन की मजबूती और कार्यकतार्ओं को सक्रिय करने के लिहाज से नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ नेता जिलों में जाकर कार्यकतार्ओं के साथ संवाद करेंगे।
संगठन को सक्रिय करने के लिहाज से संतोष पिछले महीने जयपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुके हैं। विधानसभा चुनाव तक संतोष नियमित तौर पर प्रदेश का दौरा करेंगे। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश इन दिनों कोटा व बूंदी जिलों के दौरे पर हैं।
जानकारी के अनुसार प्रदेश से केंद्र में गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी को भी प्रति सप्ताह अलग-अलग जिलों में जाकर पार्टी की बैठकें लेने के लिए कहा गया है।