जयपुर
राजस्थान में शुक्रवार को वैक्सीनेशन का मेगा कैंप अभियान चलाया गया। आज पूरे दिन में प्रदेश में 11.74 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर पूरे देश में वैक्सीनेशन का बड़ा ड्राइव चलाया गया, जिसमें राजस्थान भी शामिल हुआ। जिलेवार स्थिति देखे तो सबसे ज्यादा जयपुर में डोज लगाई गई। यहां डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीनेशन किया गया।
इसी तरह सीकर, अजमेर, भीलवाड़ा, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और जालोर जिलों में 50 हजार से 94 हजार के बीच लगाई है। राजस्थान में वैक्सीनेशन के परियोजना निदेशक डॉ. रघुराज सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन अब तक हुए एकदिवसीय वैक्सीनेशन में सबसे ज्यादा रहा। उन्होंने बताया कि इससे पहले हमने करीब 10 लाख लोगों को वैक्सीनेट किया था।
देश में इन राज्यों में हुआ 10 लाख से ज्यादा का वैक्सीनेशन
राजस्थान ही नहीं बल्कि देश के दूसरे राज्यों में भी मोदी के जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का बड़ा अभियान चलाया गया। बिहार 25.07 लाख, गुजरात में 18.96 लाख, कर्नाटक 25.42 लाख, मध्य प्रदेश 22.29 लाख और महाराष्ट्र 11.65 लाख लोगों का वैक्सीनेशन किया गया।
दो दिन में मिली थी 27 लाख से ज्यादा वैक्सीन की डोज
राजस्थान में पिछले दो दिन में केन्द्र सरकार से वैक्सीन की 27 लाख से ज्यादा डोज मिली थी। 16 सितम्बर को जयपुर करीब 9 लाख डोज और 15 सितम्बर को 18 लाख से अधिक डोज आई थी। इन डोज को पूरे प्रदेश के हर वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचाया गया।