जयपुर
पिछले एक सप्ताह से धीमा पड़ा बारिश का दौर राजस्थान में फिर गति पकड़ेगा। बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हुए लो-प्रेशर सिस्टम के असर से 11 सितम्बर से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। उदयपुर, कोटा संभाग के 8 से ज्यादा जिलों में पानी गिरने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बैक-टू-बैक अगले 4 दिन में दूसरा सिस्टम बनेगा। इसकी वजह से बारिश का ये दौर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 11 सितम्बर को पूर्वी राजस्थान के कोटा संभाग में पानी गिरेगा। झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी के अलावा उदयपुर संभाग के डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद एरिया में बारिश होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम का असर 10 सितम्बर देर शाम से प्रदेश में देखने को भी मिल सकता है।