जयपुर
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में आज से बजट पारित करने की दूसरी अवस्था की शुरुआत वित्त विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा शुरू हुई। सदन में आज धर्मांतरण के मामले में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सालेह मोहम्मद से उलझ गए। सदन में कटारिया और भाजपा विधायक शंकर सिंह ने धर्मातंरण का मुद्दा उठाया। कटारिया ने गहलोत सरकार पर सरलीकरण के बहाने धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। इसको लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायकों ने सदन से वाॅकआउट किया। कटारिया ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सालेह मोहम्मद ने कलेक्टर को पत्र लिखकर ओबीसी सर्टिफिकेट के आधार पर अल्पसंख्यक प्रमाण-पत्र जारी करने के आदेश दिए है।
भाजपा ने किया सदन से वाॅकआउट
नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि मैंने पत्र लिखकर तय नियमों के हिसाब से ही अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र जारी करने को कहा था। गलत प्रमाण पत्र पर कार्रवाई होती है। जिल स्तर पर कमेटी निरस्त कर सकती है। मंत्री के जवाब से भाजपा विधायक संतुष्ट नहीं हुए और सदन से वाॅकआउट किया। इससे पहले सदन की कार्यवाही 11 बजे से शुरू हुई। संबंधित विभागों के मंत्रियों ने विधायकों के सवालों के जवाब दिए। आज सदन में शिक्षा, कला और संस्कृति विभाग की अनुदान मांगों पर विचार और मतदान के बाद उसे पारित किया जाएगा।