Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान सरकार को सांसद ने तालिबान कहा:बालकनाथ बोले- गैंगरेप, लूट, फायरिंग, ठगी हो रही, लोग पलायन कर रहे; कांग्रेस ने कहा- भाजपा नेता मानसिक दिवालिए हुए

जयपुर

राजस्थान में कानून व्यवस्था बुधवार को अलवर से भाजपा सांसद बाबा बालकनाथ ने कांग्रेस सरकार की तुलना तालिबान से कर दी। इसके बाद भाजपा विधायक भी उन्हीं की राह पर चलते हुए गहलोत सरकार की तुलना तालिबान सरकार से करने लगे। पलटवार करते हुए कांग्रेस ने भाजपा पर जात-पात के आधार पर राजनीति करने के आरोप लगाए। साथ ही कहा है कि भाजपा नेता मानसिक दिवालिए हो गए हैं। एक-दूसरे पर ये आरोप विधानसभा के बाहर पहुंचे नेताओं ने लगाए।

भाजपा सांसद बाबा बालकनाथ

भाजपा सांसद बाबा बालकनाथ

तालिबान से राजस्थान सरकार की तुलना पर गरमाई सियासत
भाजपा के अलवर सांसद बाबा बालकनाथ में कहा है कि जब से प्रदेश में गहलोत सरकार बनी है, तब से प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ने लगा है। तालिबान जैसे हालात बन रहे हैं। अलवर अपराध का गढ़ बन गया है। भिवाड़ी, नीमराणा, बहरोड़, बानसूर में ताबड़तोड़ ऐसी क्राइम की घटनाएं हो रही है। भिवाड़ी में बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक बेकरी पर 30 राउंड फायरिंग की, तब बेकरी में 70 लोग मौजूद थे। इन्होंने यहां वहां छिपकर अपनी जानें बचाई।

अलवर जिले में लगातार गैंगरेप, लूट, फायरिंग और ठगी की घटनाएं होती जा रही हैं। परेशान होकर लोग अपने घर छोड़कर पलायन करने लगे हैं। आरोप है कि पुलिस और स्थानीय कांग्रेस नेता बदमाशों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग होने के कारण नैतिक रूप से मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा देने की मांग भी रखी है।

भाजपा विधायक अशोक लाहोटी

भाजपा विधायक अशोक लाहोटी

भाजपा विधायकों ने भी कांग्रेस सरकार को तालिबान जैसा बताया
सांसद के बाद भाजपा विधायक अशोक लाहोटी ने कहा कि राजस्थान में कानून का राज नहीं है। जब से यह सरकार राजस्थान में आई है, तब से ऐसा लग रहा है कि तालिबान का राज आ गया हो। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार और तालिबान के राज में कोई फर्क नहीं है। यहां न महिलाएं सुरक्षित हैं न दलित। ऐसा लगता है कि अंधेर नगरी, चौपट राजा और पोपा बाई का राज हो गया हो। अब तो कांग्रेस के विधायक भी कह रहे हैं कि सरकार हमें फंसाने का काम कर रही है।

बीजेपी विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी

बीजेपी विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी

भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने आरोप लगाया है कि राजस्थान सरकार के कदम तालिबान की ओर बढ़ते हुए लगते हैं। जिस तरह तालिबान किसी कानून को नहीं मानता है। राजस्थान में भी ऐसा लगता है कि कानून और प्रशासन नाम की कोई चीज़ नहीं है। इस समय सरकार में हर एक बॉडी स्वतंत्र है। जो चाहे वह अपराध कर रहा है, अपराधी बेखौफ़ घूम रहे हैं।

कांग्रेस सरकार पर अल्पसंख्यक तुष्टीकरण के आरोप
देवनानी ने आरोप लगाया कि राजस्थान में तुष्टीकरण की नीति अपनाई जा रही है। विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने छबड़ा का मामला उठाया है। टोंक के मालपुरा में हालात और भी विकट हैं। वहां पर हिन्दू परिवारों का पलायन शुरू हो गया है, यह भी राज पर एक तरह का धब्बा है। इस तरह की सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।

कांग्रेस विधायक रफीक ख़ान

कांग्रेस विधायक रफीक ख़ान

कांग्रेस विधायक रफीक ख़ान बोले – मानसिक दिवालिए हो गए भाजपा नेता
कांग्रेस विधायक रफीक खान गहलोत सरकार के बचाव में उतर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का दिवालियापन और मानसिक विकृति इस बयान से नजर आ रही है। जनता सब समझ रही है। ऐसे समय में जब कोविड से पूरा देश गुज़र रहा है, उस वक्त किसी स्टेट ने बेस्ट परफॉर्मेंस किया है, तो वह राजस्थान है। जिसने जाति-धर्म और जात-पात से ऊपर उठकर काम किया है। भाजपा को तो इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहिए।

मालपुरा कोई देश नहीं कस्बा है-रफीक
मालपुरा में हिन्दू परिवारों के पलायन मामले को लेकर विधायक रफीक खान ने कहा कि मालपुरा कोई देश नहीं है, बल्कि एक कस्बा है। अगर वहां पलायन का कोई मामला आया है, तो उन्हें सरकार को बताना चाहिए। सरकार पूरी तरह सक्रिय है। प्रशासन एक्टिव है। वहां इस तरह की कोई बात नहीं है। भाजपा को केवल इसी तरह के मुद्दे चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *