सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक के ब्लॉकस्तरीय मुकाबले सोमवार से शुरू हो गए। गंगानगर ब्लॉक का मुख्य समारोह महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में हुआ। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक कबड्डी, खो-खो, हॉकी, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट और शूटिंग वॉलीबॉल में भाग लिया। विधायक राजकुमार गौड़, जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग, नगर परिषद सभापति करुणा चांडक, जिला परिषद सीईओ मोहम्मद जुनेद, गंगानगर पंचायत समिति प्रधान सुरेंद्र पाल सिंह सहित अन्य ने ध्वजारोहण कर खेलों का शुभारंभ किया। खिलाड़ियों के मार्च पास्ट के बाद अतिथियों ने मशाल भी प्रज्जवलित की।
विधायक गौड़ ने राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों को खिलाड़ियों के लिए महाकुंभ बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पहले नहीं हुए। यह खिलाड़ियों और विभिन्न खेलों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सियाग, सभापति करुणा चांडक, जिला परिषद सीईओ मोहम्मद जुनेद, गंगानगर पंचायत समिति प्रधान सुरेंद्र पाल सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतरीन प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दीं। गंगानगर पंचायत समिति बीडीओ जितेंद्र खुराना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने देश मेरा रंगीला सहित अन्य गीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किये।
जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र बिश्नोई ने बताया कि उद्घाटन समारोह के पश्चात अतिथियों ने कबड्डी मैदान पर आकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। पहले दिन ब्लॉक स्तर पर कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, हॉकी, शूटिंग वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले करवाए गए। मंच संचालन वेद पाहवा ने किया। आयोजन में शिक्षा अधिकारी गिरजेश कांत शर्मा, सुनील कुमार भाटिया सहित अन्य मौजूद रहे।