दौसा
राज्यपाल कलराज मिश्र गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे सिद्धपीठ मेहंदीपुर धाम पहुंचे। सबसे पहले उन्हें श्रीराम आश्रम में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद गवर्नर के मंदिर पहुंचने पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। परिवार के साथ पहुंचे गवर्नर ने स्वयंभू बालाजी महाराज के दर्शन किए। मंत्रोच्चार के साथ गवर्नर के हाथों बालाजी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। इसके बाद भैरव बाबा व प्रेतराज सरकार के दरबार में भी दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर के पंडितों ने चोले का टीका लगा माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

श्री राम आश्रम में जाते गवर्नर।
प्रदेश की खुशहाली की कामना की
पत्रकारों से गवर्नर ने कहा कि आज मैं यहां बालाजी महाराज के दर्शन करने आया हूं, इससे पहले भी कार्यक्रम बनाया था, लेकिन बारिश के चलते आना संभव नहीं हो सका था। सब लोग जानते हैं कि श्री बालाजी मंदिर सिद्ध स्थल है। यहां चमत्कारों के चलते देशभर के लोग रोजाना दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति स्थापित हो तथा कोरोना जैसी महामारी का खात्मा हो। सभी लोग अपना जीवन सुखमय व्यतीत करें। बालाजी महाराज से यही प्रार्थना की है।

राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर देते पुलिस के जवान।
सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे
दर्शनों के बाद गवर्नर को मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मोदक की प्रसादी भेंट की। इसके बाद गवर्नर ने श्रीराम आश्रम पहुंचकर लंच किया। वहां भरतपुर आईजी प्रसन्न खमेसरा, दौसा कलेक्टर पीयूष समारिया, एसपी अनिल बेनीवाल, करौली एसपी मृदुल कच्छावा समेत आवश्यक सेवाओं के आला अधिकारी मौजूद रहे।