राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखा सकेंगे अपना हुनर
by seemasandesh
ग्रामीण ओलंपिक खेल के विजेता-उपविजेता सम्मानित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत भोमपुरा में चल रहे राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का समापन गुरुवार को हुआ। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने शिरकत की। मुख्य अतिथि ने 29 अगस्त से चल रहे राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल में विजेता व उपविजेता रही टीमों को सम्मान प्रतीक प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। अपने संबोधन में जितेन्द्र गोयल ने कहा कि ग्रामीण ओलम्पिक का आयोजन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का ऐतिहासिक निर्णय है। खेलों के इस महाकुंभ में एक साथ 30 लाख ग्रामीण प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिला। इन खेलों को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। इस आयोजन से भाईचारा, प्रेम और आपसी सद्भाव बढ़ेगा तथा निरोगी राजस्थान का सपना साकार होगा। ग्रामीण अंचल में रह रही प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे उन्हें सरकारी नौकरियों में भी आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में स्कॉलरशिप आदि की व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से की जाएगी। गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह फैसला खेल जगत में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कारगर साबित होगा। गोयल ने बाल हितों की रक्षा करने का आह्वान करते हुए कहा कि अगर किसी बालक की कोई समस्या है तो वे इसकी सूचना 1098 पर दें। उस समस्या का तुरंत प्रभाव से उचित समाधान किया जाएगा। इस मौके पर भामाशाह राकेश भारी, ग्राम पंचायत सरपंच पृथ्वीराज भारी, उपसरपंच सुनीता शीला, देवीराम मीणा, गंगाराम मायल, भागाराम विरट, राकेश भारी, प्रहलाद धतरवाल, हेतराम न्यौल, वेदप्रकाश, संदीप कालेरा, राजू सहारण, विशेष न्यौल आदि मौजूद रहे।