राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का समापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव करणीसर सहजीपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित की जा रही पंचायत स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को समारोहपूर्वक हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा, विशिष्ट अतिथि रिडकोर महाप्रबंधक ओमवीर सिंह व कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य जसपाल अग्रवाल ने की। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, टेनिस बॉल क्रिकेट, शूटिंग बॉल में विजेता और उपविजेता रही टीमों को सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि मनीष गोदारा ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में बताया। साथ ही इस प्रकार के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार प्रकट किया। विशिष्ट अतिथि रिडकोर महाप्रबंधक ओमवीर सिंह ने ग्रामीण ओलम्पिक के शानदार आयोजन के लिए प्रधानाचार्य व स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य जसपाल अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता प्रभारी वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नीरज कुमार ने बताया कि विजेता खिलाड़ी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में मंच संचालन वरिष्ठ अध्यापक लालचंद मानव ने किया। इस मौके पर अनेक गणमान्य नागरिक व विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।