रेलवे भोजनालय व कार का शीशा भी तोड़ा, जीआरपी थाना में लिखित शिकायत हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन रेलवे स्टेशन की बाउंड्री में स्थापित शिव प्रतिमा खंडित करने, रेलवे भोजनालय व वहां खड़ी कार का शीशा तोड़ने के संबंध में सोमवार को महाशिवरात्रि संघ देखरेख सेवा समिति की ओर से जीआरपी थाना में लिखित शिकायत करते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। समिति सचिव प्रकाश तंवर के अनुसार जंक्शन रेलवे स्टेशन के सामने रेलवे बाउंड्री में बने पार्क में भगवान शिव की प्रतिमा काफी वर्षांे से स्थापित है। इस प्रतिमा की काफी मान्यता है। यह प्रतिमा लोगों की आस्था का केन्द्र बनी हुई है। लोग सुबह-शाम भगवान शिव की पूजा करते हैं। रविवार अल सुबह करीब चार बजे नशे में धुत्त एक जने ने भगवान शिव की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। उसने प्रतिमा का एक हाथ खंडित कर दिया। इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। इसके बाद उक्त शख्स ने रेलवे भोजनालय का शीशा तोड़ा। साथ ही रेलवे पार्किंग में खड़ी कार का भी शीशा तोड़ दिया। जब उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि उक्त शख्स नोहर क्षेत्र का निवासी है तथा किन्नरों के साथ रहता है। उसकी गुरु दर्शना महन्त है जो रावतसर में रहती है। तंवर ने परिवाद के जरिए रेलवे पुलिस से उक्त शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने व सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर दीपक चड्ढा, राजू, प्रवीण जैन, विकास, अमित शर्मा, विजय सेवकानी, जयकिशन सेवकानी, पुरुषोत्तम सोनी, बाबूलाल, राजू खान, अरविंद तंवर, दशरथ राठौड़, विक्की पुरोहित, राहुल सोनी, मुन्ना आदि मौजूद थे।