पानी निकासी की व्यवस्था न होने के चलते जी रहे नारकीय जीवन
by seemasandesh
न सड़कें बनीं और न ही नालियां, रिश्तेदार भी कतराते हैं आने से हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत दो केएनजे के वार्ड नम्बर 2, 4, 6, 8 व 9 के वाशिंदे लम्बे समय से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पानी निकासी की व्यवस्था न होने के चलते इन वार्डांे के लोगों को बदबूदार माहौल में रहना पड़ रहा है। इन वार्डांे में न सड़कें बनीं हैं और न ही नालियां। हालात यह हैं कि अधिकतर लोग अपने मकानों को बिकाऊ कर चुके हैं। यहां तक कि उनके घरों में रिश्तेदार भी आने से कतराते हैं। बारिश के बाद हालात और भी बदतर हो जाते हैं। वार्डवासियों का कहना है कि पंचायत बने 2 साल हो गए लेकिन अभी तक इन वार्डांे में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। सरपंच की ओर से विकास कार्य में भेदभाव किया जा रहा है। ग्राम पंचायत के निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि रेलवे बाउंड्री के नजदीक के घरों से निकलने वाले व बरसाती पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। रेलवे बाउंड्री के नजदीक हर समय पानी एकत्रित रहता है। बारिश के बाद तो हालात और खराब हो जाते हैं। कई दिनों तक पानी रूका रहने से मच्छर पनपने शुरू हो जाते हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा मंडराता रहता है। बदबूदार पानी के कारण आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मकानों की नींव में पानी घुस जाता है। यहां तक कि वाहन भी नहीं गुजर पाते। इन परिवारों में रिश्तेदार भी आने से कतराते हैं। यहां रहने वाले अधिकतर परिवारों ने अपने मकान बिकाऊ कर रखे हैं। सुमित कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में गलियों से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है। पानी घरों में घुस जाता है। लोगों को बाल्टियों से पानी की गली में निकासी करनी पड़ती है। लेकिन इस समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत की ओर से कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। रिश्तेदारों के सामने यहां के लोगों को शर्मसार होना पड़ता है। लोगों को मजबूरी में इस हालात में रहना पड़ रहा है। मोनू ने बताया कि उनके वार्ड में न तो सड़कों और न ही नालियों का निर्माण हुआ है। कई बार ग्राम पंचायत सरपंच को अवगत करवाया गया लेकिन समस्या जस की तस है। वार्डवासियों ने मांग की कि ग्राम पंचायत इस तरफ ध्यान दे और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करे। उधर, सोमवार को दो केएनजे के वार्ड नम्बर 2, 4, 6, 8 व 9 के वाशिंदों ने इस समस्या से उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग को लिखित में अवगत करवा समाधान की गुहार लगाई। एसडीएम डॉ. गर्ग ने इस समस्या का स्थाई समाधान करवाने के लिए पंचायत समिति के विकास अधिकारी को निर्देशित किया।