Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रेलवे वाशिंग लाइन के लिए हलचल शुरू, जगह की पैमाइश

  • अधिकारी बोले, आड़े आ रहा अतिक्रमण हटा तो बन सकती है वाशिंग लाइन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों की ओर से लम्बे समय से की जा रही हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेलवे वाशिंग लाइन निर्माण की मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। गत दिनों हनुमानगढ़ आए केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल व सांसद निहालचन्द मेघवाल को कई संगठनों ने रेलवे वाशिंग लाइन निर्माण के संबंध में मांगपत्र सौंपे थे। केन्द्रीय मंत्री व सांसद के निर्देशों के बाद रेलवे महकमा हरकत में आ गया है और रेलवे वाशिंग लाइन निर्माण की हलचल शुरू हो गई है। शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों ने संभावित रेलवे वाशिंग लाइन को लेकर जगह की पैमाइश की। उस जगह को देखा गया जहां वाशिंग लाइन की फिजिबिलिटी बनती है। अधिकारियों ने भी माना कि अगर गांधीनगर अण्डरपास के पास पूर्व में चिह्नित जगह पर किए गए अतिक्रमण हटें तो रेलवे वाशिंग लाइन का निर्माण किया जा सकता है। स्टेशन मास्टर नगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि गत दिनों केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व सांसद निहालचन्द मेघवाल ने हनुमानगढ़ जंक्शन के रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। तब शहर के जनप्रतिनिधियों ने केन्द्रीय मंत्री व सांसद को ज्ञापन सौंप क्षेत्र में वाशिंग लाइन बनवाने की मांग की थी। उसी मांग के संबंध में रेलवे अधिकारियों की ओर से जगह की पैमाइश कर यह देखा गया है कि किस जगह वाशिंग लाइन की फिजिबिलिटी बनती है। फिजिबिलिटी उपयुक्त होने पर ही वाशिंग लाइन बनाने को लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया कि रेलवे की ओर से वाशिंग लाइन के लिए जगह चिह्नित की गई है। लेकिन वहां अतिक्रमण किया हुआ है। अभी तक अतिक्रमणकारियों को नोटिस नहीं दिए गए हैं। उन्हें नोटिस देने की प्रक्रिया चल रही है ताकि स्वयं के स्तर पर अतिक्रमण हटवा लें। अन्यथा आवश्यकता होने पर रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जगह की फिजिबिलिटी के बाद अगर चिह्नित जगह से अतिक्रमण हट जाते हैं तो वाशिंग लाइन बन सकती है। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेलवे वाशिंग लाइन का निर्माण करवाने की मांग को लेकर हनुमानगढ़ रेलवे वाशिंग लाइन निर्माण संघर्ष समिति केन्द्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को ज्ञापन सौंपा था। दो दिन पहले सांसद निहालचन्द मेघवाल ने भी रेलवे का स्टेशन निरीक्षण किया था। कुछ संगठनों के प्रतिनिधियों ने सांसद से भी रेलवे वाशिंग लाइन निर्माण के संबंध में मुलाकात की थी।