Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोडवेज परिचालक पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप

  • रोडवेज कर्मचारियों ने मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंप की कार्रवाई की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    रोडवेज परिचालक पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग को लेकर राजस्थान रोडवेज कर्मचारी संघ बीजेएमएम, सीटू, इंटक, बीएमएस ने शनिवार को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि रणजीत सिंह वरिष्ठ परिचालक होने के कारण मुख्यालय जयपुर की ओर से दिए गए निर्देशों की पालना में आगार में परिचालक वर्ग के मुख्य समय पालक का कार्य कर रहा है। 26 मार्च को रणजीत सिंह समयपालक शाखा में कश्मीर सिंह प्रथम के साथ कार्य कर रहा था। ड्यूटी चार्ट फाइनल कर लिया था। इतने में जंक्शन बस स्टैंड में पूछताछ शाखा पर कार्यरत परिचालक लखवीर सिंह बस सारथी हरप्रीत सिंह की छुट्टी लगवाने के लिए आया। लखवीर सिंह धमकी भरे अंदाज में बोला कि हरप्रीत सिंह कल ड्यूटी पर नहीं जाएगा। इसका अवकाश लगाओ। वरिष्ठ परिचालक रणजीत सिंह ने कहा कि आज तो ड्यूटी चार्ट फाइनल हो गया है। अगले रोटेशन में अवकाश लगा दिया जाएगा। जिन परिचालकों ने अवकाश रजिस्टर अवकाश के लिए अपना नाम लिख रखा है उनके अवकाश लगा दिए हैं। यह सुनते ही लखवीर सिंह गुस्से में रजिस्टर उठाकर वीडियो बनाने लगा व वरिष्ठ परिचालक के साथ अभद्र भाषा में बात की। ज्ञापन में कहा गया कि इससे पूर्व में भी कई बार लखवीर सिंह की ओर से रोडवेज कर्मचारियों के साथ बदतमीजी औैर अभद्र भाषा का प्रयोग करने की शिकायतें आती रहती हैं। एक कर्मचारी ने तो रोडवेज परिचालक लखवीर सिंह पर जालसाजी से चयनित वेतनमान का लाभ लेने का आरोप लगाया था। ज्ञापन में कहा गया कि वरिष्ठ परिचालक की ओर से इस घटना को लेकर मुख्य प्रबंधक से परिचालक लखवीर सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की गई थी परन्तु कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में मांग की गई कि निगम के एक वरिष्ठ व पीड़ित कर्मचारी के साथ न्याय करते हुए परिचालक लखवीर सिंह के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए ताकि कर्मचारियों का भय समाप्त हो सके और कर्मचारी बिना भय के निष्पक्ष तरीके से कार्य कर सकें। रोडवेज कर्मचारियों ने कहा कि बीते दिनों हुई ऐसी लगातार दो घटनाओं से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। अगर जल्द ही दोषी कर्मचारी पर विभागीय कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो यातायात ठप किया जाएगा।