नई दिल्ली
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2022 का ग्रुप- बी का क्वालीफायर मुकाबला आज हाेबार्ट के बेलेरीव ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज के लिए यह काफी अहम मुकाबला है क्योंकि टीम अपना पिछला मुकाबला हार चुकी है। कैरेबियाई टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 153 रन का स्कोर बनाया है। विंडीज के लिए जाॅनसन चार्ल्स ने 45, रोवमन पॉवेल ने 28 और अकील हुसैन ने नाबाद 23 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने अंतिम ओवर 16 रन बटोरे, जिसमें पॉवेल का दो सिक्स भी शामिल है।
पॉरवर हिटर पाॅवेल ने अंतिम ओवर में दो छक्के लगाए। इनमें से एक तो 104 मीटर का लंबा छक्का शामिल था। उन्होंने ये सिक्स ब्लेसिंग मुज़ाराबानी के पारी के अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर लगाया। पॉवेल इससे पहले, पहली गेंद पर भी सिक्स जड़ चुके थे, लेकिन दूसरा सिक्स काफी लंबा था। पॉवेल के इस सिक्स को देखकर दूसरे छोर पर खड़े बल्लेबाज हुसैन भी भौचक्के रह गए और वह गेंद को अंत तक देखते ही रह गए। बॉल जब छत के ऊपर जा पहुंची तो फिर हुसैन का रिएक्शन देखने लायक था क्योंकि पॉवेल के शॉट को देखकर उन्होंने अपना सिर पकड़ लिया। रोवमन पॉवेल के शॉट पर अकील हुसैन का रिएक्शन सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।