नई दिल्ली
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से महज दो शॉट दूर हैं। रोहित मंगलवार से मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी20 मैच 23 सितंबर को नागपुर में और फिर तीसरा 25 सितंबर को हैदराबाद में खेला जाना है। हालांकि सीरीज के पहले मुकाबले में ही सभी की नजरें ‘हिटमैन’ रोहित पर लगी हुई होंगी, जहां न केवल वो ये वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने चाहेंगे बल्कि अपनी टीम को जीत भी दिलाना चाहेंगे।
मौजूदा समय में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल के नाम है। गप्टिल ने T20I क्रिकेट में अब तक 172 छक्के लगाए हैं। वहीं, रोहित इस मामले में 171 सिक्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (124) तीसरे, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन (120) चौथे और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच (117) पांचवें नंबर पर हैं।