Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लगान के सेट पर पहली बार मिले, एक फोन कॉल से शुरू हुई डेटिंग; करीब डेढ़ साल लिव-इन में रहे, फिर 2005 में की थी शादी

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव 15 साल बाद अलग हो गए हैं। दोनों ने शनिवार को एक ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी कर आपसी सहमति से तलाक लेने की घोषणा की। आमिर और किरण ने 28 दिसंबर 2005 को शादी की थी। दोनों की रिलेशनशिप ‘लगान’ के सेट पर पहली बार मिलने के बाद एक फोन कॉल से शुरू हुई थी।

‘लगान’ के सेट पर हुई थी आमिर-किरण की पहली मुलाकात
2001 में रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ में किरण ने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। ये 2000 की बात है जब शूटिंग के दौरान किरण और आमिर की पहली मुलाकात हुई थी। आमिर खुद एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि उनका और किरण का पहली नजर का प्यार नहीं था। आमिर के लिए वे सिर्फ फिल्म यूनिट के लोगों में से एक ही थीं। उनका किरण से कोई खास परिचय नहीं था। दोस्ती तो ठीक है, लेकिन काम के अलावा उनकी किरण से कोई बात नहीं होती थी।

शादी से पहले करीब डेढ़ साल तक लिव-इन में रहे थे
अक्टूबर 2001 में ही आमिर ने अपनी पहली पत्नी रीना से तलाक लिया था। इसके बाद उनकी और किरण की बातचीत शुरू हुई। आमिर उस वक्त अपनी शादी टूटने से काफी सदमे में थे। एक बार किरण ने उन्हें फोन लगाया और दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बात चली थी। यह फोन कॉल खत्म हुआ तब आमिर को महसूस हुआ कि वे काफी खुश हैं। किरण से बात करने के बाद उनको सुकून महसूस हो रहा था। यहां से दोनों के रिलेशनशिप ने सीरियस मोड़ लिया था। धीरे-धीरे बातचीत के बाद उन्होंने डेटिंग शुरू की और शादी से पहले करीब डेढ़ साल तक दोनों लिव-इन में भी रहे थे।

2005 में हुई थी आमिर और किरण की शादी
2005 में आमिर और किरण ने मुंबई में सिविल मैरिज की थी। शादी के बाद मुंबई के पंचगनी में 3 दिन का सेलिब्रेशन हुआ था और महेरबाई हाउस नाम के पुराने पारसी बंगले में उनकी शादी का रिसेप्शन हुआ था। जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स दोनों को बधाई देने पहुंचे थे। आमिर और किरण का एक बेटा है, जिसका नाम आजाद है। आजाद का जन्म सरोगेसी से हुआ था। किरण को कंसीव करने में दिक्कत होने की वजह से उन्होंने सरोगेसी का फैसला लिया गया था। जिसके बाद 2011 में आजाद का जन्म हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *