Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लम्पी से पीड़ित बेसहारा गोवंश के लिए बनाई अस्थाई मिनी गोशाला

  • अब तक करीब 25 गोवंश का किया इलाज, 10 का उपचार जारी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जोड़कियां गांव के युवाओं की गऊ रक्षक टीम ने लम्पी स्किन डिजीज से पीड़ित निराश्रित-बेसहारा गोवंश के लिए अस्थाई मिनी गोशाला बनाई है। इसमें पिछले करीब एक माह से बेसहारा एवं लम्पी स्किन डिजीज से पीड़ित गोवंश का इलाज किया जा रहा है। गोशाला संचालन के सहयोगी वृक्ष मित्र संदीप तरड़ ने बताया कि ग्रामीणों एवं युवाओं के सहयोग से यह कार्य किया जा रहा है। लम्पी स्किन डिजीज से ग्रसित निराश्रित व बेसहारा गोवंश को अस्थाई गोशाला में लाकर अंग्रेजी एवं आयुर्वेदिक दवाइयों का काढ़ा तैयार कर इलाज किया जा रहा है। अब तक करीब 25 गोवंश का इलाज किया जा चुका है। 10 गोवंश का उपचार जारी है। उपचार के लिए प्रशिक्षित एवं अनुभवी पशु चिकित्सक की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि किसी भी ग्रामीण की सूचना पर गऊ रक्षक टीम मौके पर पहुंच लम्पी बीमारी से पीड़ित बेसहारा गोवंश को मिनी गोशाला में लाकर इलाज करवाती है। उन्होंने बताया कि गांव के युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर सामाजिक कार्य एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करने का कार्य भी गऊ रक्षक टीम की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आस-पास के किसी ग्रामीण को गोवंश के इलाज के लिए काढ़े की जरूरत है, तो वह काढ़ा भी निशुल्क ले जा सकता है। इस सेवा कार्य में गुरतेज सिंह भुल्लर, लक्ष्मण गोदारा, बबलू पंवार, सुनील सुथार, पवन तरड़, अजय सुथार, मुकेश, अनिश, रमन तरड़, अभिषेक सुथार, अनमोल बीरड़ा, तरुण गोदारा, संदीप तरड़ आदि सहयोग कर रहे हैं।