Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लम्पी स्किन डिजीज, राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों को लेकर समीक्षा

  • पशु हाट लगने पर संबंधित लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम में केस दर्ज करवाने के निर्देश
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने वीसी के जरिए सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ लम्पी स्किन डिजीज, राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल और राजस्व मंत्री विजिट को लेकर आवश्यक तैयारियों के संबंध में समीक्षा की। जिला कलक्टर डिडेल ने लम्पी स्किन डिजीज को लेकर समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में कहीं से भी यह शिकायत नहीं आनी चाहिए कि सूचना देने के बाद भी कोई टीम निरीक्षण के लिए समय पर नहीं पहुंची। वेटरनरी आॅफिसर्स के नेतृत्व में सभी ब्लॉक में जो आरआरटी (रेपिड रस्पोंस टीम) टीमें बनाई गई हैं वे तत्काल रेस्पोंड करें। सभी ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम 24Ÿ7 कार्य करने चाहिए। डिडेल ने कहा कि महामारी को देखते हुए पशु हाट पर पूरी तरह से रोक लगाई हुई है। अगर कहीं पशु हाट लगता नजर आए तो संबंधित सरपंच और हाट लगाने वाले लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट में पुलिस केस दर्ज किए जाएं। साथ ही कहा कि सभी वेटरनरी आॅफिसर्स ये सुनिश्चित करें कि गोशालाओं में आइसोलेशन वार्ड बने हों। वहां बीमार पशुओं को रखने की व्यवस्था हो और गोशालाओं के संक्रमित पशु बाहर ना जाएं। निराश्रित पशु भी गोशालाओं में शिफ्ट किए जाएं। गोशालाओं में साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था हो। वेटरनरी आॅफिसर्स गोशालाओं पर फोकस रखें। शिविर लगने के दौरान संबंधित ग्राम पंचायत में घर-घर जाकर सर्वे करें। साथ ही मृत पशु का निस्तारण अच्छे से किया जाए। बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. ओमप्रकाश किलानिया ने बताया कि जिले में लम्पी स्किन डिजीज को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। कहीं भी दवा की कमी नहीं है। आरआरटी टीमें अच्छे से कार्य कर रही हैं। गोशालाओं में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वहां सोडियम हाइपोक्लोराइड व फिनाइल का छिड़काव करवाया जा रहा है। घर-घर सर्वे किया जा रहा है। मृत्यु दर 200 से घटकर 50 से कम पर आ गई है। वहीं सभी ब्लॉक इंचार्ज वेटरनरी आॅफिसर्स ने बताया कि संक्रमित पशु रिकवरी में करीब 20 दिन का समय लग रहा है। जिले भर में पिछले तीन दिनों से स्थिति कंट्रोल में है। रिकवरी दर लगातार बढ़ रही है। वीसी में जिला कलक्टर के अलावा सीईओ जिला परिषद अशोक असीजा, एडीएम प्रतिभा देवठिया, सीडीईओ रामेश्वर गोदारा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. ओमप्रकाश किलानिया, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह समेत सभी एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार समेत ब्लॉक स्तरीय वेटेनरी आॅफिसर्स, सहायक विकास अधिकारी विनोद भारती इत्यादि मौजूद रहे।