Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लूट के तीन आरोपी दो बाइक सहित गिरफ्तार

सीकर. राजस्थान के सीकर जिले की रानोली थाना पुलिस ने लूट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सांगरवा निवासी गोविंद (30 )पुत्र कन्हैयालाल, गोकुलपुरा निवासी विनोद कुमार (25) पुत्र रामचंद्र बलाई व गोरिया निवासी मंगेश (24) पुत्र महावीर बलाई है। जिन्होंने एक जून को थाना इलाके में 50 हजार रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इनमें से गोविंद व विनोद के खिलाफ रानोली, खाटूश्यामजी, दादिया व उद्योगनगर थाने में पहले से अपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी कैलाश चंद ने बताया कि एक जून को थाना इलाके के जगपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि वह रात को अपनी भतीजी को सीकर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाकर वापस घर आ रहा था। रात करीब 11.45 बजे घर के पास स्थित जोहड़े के पास ही उसे बाइक सवार तीन युवकों ने रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर गाड़ी के टूल बॉक्स में रखे 50 हजार रुपए, आधार कार्ड और लाइसेंस लूट कर ले गए। आरोपियों ने बाइक भी लूटने की कोशिश की लेकिन घुमाते समय उसकी चाबी अंदर ही टूट गई। जब वह चिल्लाया तो आसपास के लोगों के पहुंचने तक आरोपी आरोपी फरार हो गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गई तो तीनों आरोपियों की पहचान हो गई। जिन्हें दो वाहनों सहित गिरफ्तार कर आधार कार्ड व परिवादी की चाबी को जब्त कर लिया गया है।