Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वन विभाग ने ढाई सौ किलोमीटर दूर शिफ्ट किए चार पेड़

  • नगर परिषद की ओर से विकसित की जा रही कॉलोनी की जगह के बीच आ रहे थे चारों पेड़
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन में गांधीनगर अण्डरपास व कल्याण भूमि के पास वर्षांे पहले लगाए गए आस्था के प्रतीक बरगद और पीपल के चार पेड़ अब नई जगह छाया देंगे। नगर परिषद की ओर से विकसित की जा रही कॉलोनी के बीच में आ रहे इन चारों पेड़ों को वन विभाग की ओर से काटने की बजाए सोमवार को बीकानेर शिफ्ट कर दिया गया है। इन चारों पेड़ों को मंगलवार सुबह बीकानेर के एक पार्क में लगाया जाएगा। संभवतया बीकानेर संभाग के इतिहास का यह पहला मामला है जब इस तरह वर्षांे पुराने पेड़ों को एक जगह से करीब ढाई सौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्रदेश के दूसरे शहर में शिफ्ट किया गया हो। मोहल्ले के लोगों ने नगर परिषद व वन विभाग के इस कार्य की सराहना की। इस मौके पर वन विभाग के वनरक्षक हरीराम मीणा ने बताया कि विभाग की ओर से शिफ्ट प्लांटिंग के तहत सौ साल पुराने पेड़ों को एक जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जयपुर में दिल्ली-अलवर रोड बनाने के समय भी इस तरह सड़क मार्ग के बीच आ रहे पेड़ों को काटने की बजाए उन्हें ट्रांसप्लांट किया गया था। ट्रांसप्लांट किए गए पेड़ दूसरी जगह सुरक्षित लगे हुए हैं। इसी तरह जंक्शन में गांधीनगर अण्डरपास व कल्याण भूमि के पास 100 साल से पहले लगाए गए बड़ और पीपल के चार पेड़ों को यहां से ट्रांसप्लांट कर बीकानेर लगाया जाएगा।