Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वर्ल्ड कप से पहले मिडिल ऑर्डर और छठे गेंदबाज का मसला सुलझाने उतरेगा भारत

मोहाली
भारत मंगलवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टी20 मैचों की सीरीज में सबसे छोटे प्रारूप के विश्व कप से पहले अपने उचित संयोजन विशेषकर मध्यक्रम से जुड़े मसले को सुलझाने का प्रयास करेगा।विश्व कप से पहले होने वाले छह मैचों में कुछ तेज गेंदबाजों को भले ही आराम दिया गया है लेकिन इसे छोड़कर भारत अपनी मजबूत टीम के साथ ही उतर रहा है। ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत तीन मैचों के लिए दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगा। टी20 प्रारूप में लचीलापन बनाये रखना महत्वपूर्ण होता लेकिन कप्तान रोहित शर्मा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाली आईसीसी टूर्नामेंट से पहले उनके खिलाड़ी सभी सवालों का जवाब ढूंढने का प्रयास करेंगे।
भारत ने भले की एशिया कप में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन उसने इस दौरान कई बदलाव भी किए। भारत की गेंदबाजी की कमजोरियां भी इस टूर्नामेंट में खुलकर सामने आईं, लेकिन हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह की वापसी से आक्रमण को मजबूती मिली है। रोहित ने साफ कर दिया कि विश्व कप में उनके साथ केएल राहुल ही पारी का आगाज करेंगे लेकिन यहां संभावना है कि उनके साथ विराट कोहली पारी की शुरुआत करने के लिए उतरें। अपनी पिछली टी20 पारी में शतक जड़ने वाले कोहली को सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारा जा सकता है।