Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वार्डवासियों का आरोप, बेघर करने पर तुली नगर परिषद

  • आशियाने टूटने से बचाने की जिला कलक्टर से लगाई गुहार
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन के वार्ड 57, सुरेशिया में नर्सिंग कॉलेज की तरफ जाने के लिए नगर परिषद की ओर से 120 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद की ओर से सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। इन्हें गुरुवार को तोड़े जाने की संभावना है। लेकिन वार्डवासियों ने नगर परिषद पर बेघर करने पर तुले होने का आरोप लगाया है। बुधवार को वार्ड 57 के वाशिंदे जिला कलक्टर के पास पहुंचे और आशियाने टूटने से बचाने की गुहार लगाई। आम आदमी पार्टी के सुभाष गोदारा के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मिले वार्डवासियों का कहना था कि नगर परिषद की ओर से न तो उन्हें कोई नोटिस दिया गया और न ही मौखिक रूप से बताया गया। इस मौके पर सुभाष गोदारा ने बताया कि वार्ड 57, सुरेशिया में करीब 200-250 परिवार 30-40 सालों से लोग मकान बनाकर रहे हैं। उन्हें बिजली, पानी सहित सभी मुलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। 50 फीट चौड़ी सड़क बनी हुई है। लेकिन अब नगर परिषद की ओर से वहां 120 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण करवाने की बात कही जा रही है। इसके लिए नगर परिषद की ओर से सड़क के आसपास रहने वाले परिवारों को न तो नोटिस नहीं दिया गया और न ही मौखिक रूप से अवगत करवाया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इन परिवारों को धमकाया जा रहा है। मंगलवार को पुलिस कर्मी दो गाड़ियों में भरकर वार्ड 57 में पहुंचे और मकान खाली करने को कहा गया। खाली न करने पर मकान तोड़ने की धमकी दी गई। प्रशासन की ओर से गरीब परिवारों को उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इन परिवारों को बेघर न किया जाए। अन्यथा इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। वहीं महिलाओं ने रोते हुए कहा कि उनके पास रहने की कोई और जगह नहीं है। तकरीबन सभी परिवार दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहे हैं। कई परिवार ऐसे हैं जिनके पूरी जिंदगी इस जगह ही बीत गई। अब नगर परिषद उन्हें बेघर करने पर तुली हुई है। जनता की ओर से दिए गए वोटों से जीतने वाले जनप्रतिनिधि आज उसी जनता को उनके घरों से बाहर निकाल रहे हैं। वे अपने बच्चों को लेकर कहां जाएं। उन्होंने मांग की कि नगर परिषद उन्हें अन्यत्र स्थान पर जगह उपलब्ध करवाए। इस मौके पर पोखर मेव, गुरबख्श सिंह, मनदीप कड़वासरा, एडवोकेट अनिल शर्मा, वीरेंद्र मेघवाल, संदीप यादव, कृष्ण पुजारी, महेंद्र मिस्त्री आदि मौजूद थे।