स्कूटी मिली तो खिले चेहरे, सीएम का धन्यवाद ज्ञापित
by seemasandesh
विधायक-जिला कलक्टर ने 21 होनहार बेटियों को वितरित की स्कूटी
काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के अंतर्गत स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना (आर्थिक पिछड़ा वर्ग) के अंतर्गत स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक चौधरी विनोद कुमार, जिला प्रमुख कविता मेघवाल व जिला कलक्टर नथमल डिडेल समेत अन्य अतिथियों की ओर से 21 छात्राओं को स्कूटी का नि:शुल्क वितरण किया गया। स्कूटी पाकर होनहार बेटियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। बेटियों ने इस योजना के लिए राज्य सरकार व मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर विधायक चौधरी विनोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इन होनहार बेटियों ने स्कूटी प्राप्त कर हनुमानगढ़ ही नहीं पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों का शिक्षा की तरफ लगातार रूझान बढ़ता जा रहा है। बेटियों के लिए यह समय भी आगे बढ़ना का है। शिक्षा हासिल करने वाला ही बड़ा अधिकारी बनेगा। विधायक ने कहा कि हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर जिले पिछड़े जिले हैं। इसका कारण लोगों का शिक्षित न होना है। खेती का कार्य करने वाले परिवारों के बच्चे पहले यह सोचकर नहीं पढ़ते थे कि उन्हें खेती करनी है। इसलिए उनके माता-पिता ने भी अपने बच्चों को पढ़ाने की तरफ ध्यान नहीं दिया। लेकिन अब जमीन कम होती जा रही है और माता-पिता की इच्छा होती है कि उसका बच्चा भी बड़ा होकर अधिकारी बने। इसके चलते हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्द्धा का दौर शुरू हो चुका है। स्कूलों में नामांकन के लिए भीड़ उमड़ रही है। कई स्कूलों की हालत यह है कि लॉटरी प्रक्रिया के जरिए बच्चों का प्रवेश हो रहा है। विधायक ने कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जिसमें गरीब-अमीर का कोई सवाल नहीं। रेहड़ी लगाने वाला शख्स भी आईएएस-आईपीएस बन सकता है। लेकिन उस तक पहुंचने का शिक्षा ही माध्यम है। शिक्षा प्राप्त करने वाला व्यक्ति ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कम्प्यूटरीकृत युग के चलते पुराने जमाने में बीए तक शिक्षित लोग आज अनपढ़ हो गए हैं। शिक्षा की नई पद्धति आ चुकी है। विधायक ने कहा कि आज के बच्चे देश के निर्माता हैं। उनका भविष्य और उज्वजल है। इसलिए प्रयास यही है कि पिछड़े इलाके को तेज गति से आगे चले ताकि हनुमानगढ़ अन्य जिलों को पीछे छोड़ सके। विधायक ने जिले में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर कहा कि इस पर अंकुश लगाने में युवा पीढ़ी बड़ा सहयोग कर सकती है। अगर एक बच्चा अपने पिता को नशा न करने के लिए मजबूर करेगा तो नशे पर काफी हद तक लगाम लगाई जा सकती है। परिजनों को भी अपने बच्चों को नशे से बचाने के लिए उन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही कहा कि अकेला प्रशासन और पुलिस कुछ नहीं कर सकते। इसमें जनता का सहयोग जरूरी है। तभी नशे का खात्मा किया जा सकता है। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि शिक्षा विभाग में बालिकाओं की शिक्षा को निरंतर जारी रखने में काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना का बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। मुख्यमंत्री की ओर से स्कूटी योजना का नाम काली बाई भील रखा गया है। इससे यह सन्देश जाता है कि जिस काली बाई ने अपने प्राणों का त्याग किया, उनको एक श्रद्धांजलि है। साथ ही ऐसी बालिकाएं जिन्हें आगे कॉलेज की शिक्षा ग्रहण करनी है, उनके लिए प्रोत्साहन भी है कि वे लगातार मेहनत कर आगे बढ़ें। कार्यक्रम में भूपेन्द्र चौधरी, गुररमीत सिंह चन्दड़ा, डीईओ माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, एडीईओ रणवीर शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।