Thursday, May 14निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वार्ड 33 में 1.28 करोड़ रुपए की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण

  • सभापति-उपसभापति व निर्माण समिति अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के वार्ड 33 में 1 करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, उपसभापति अनिल खीचड़, निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां की ओर से रविवार रात्रि को किया गया। नगर परिषद की ओर से वार्ड 33 में 64 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण, 19 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण, 8.5 लाख रुपए की लागत से पाइप लाइन बिछाने, 20 लाख रुपए की लागत से सोलिंग व मिट्टी भर्ती, 17 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण का कार्य करवाया गया है। इस मौके पर सभापति गणेश राज बंसल ने कहा कि नगर परिषद की ओर से शहर के चहुंमुखी विकास के लिए प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड शहर को मिनी चंडीगढ़ का स्वरूप देने के उद्देश्य से बना था जिसका मूर्त रूप धीरे-धीरे साकार होता नजर आ रहा है। उन्होंने शहर में हो रहे विकास कार्यों के लिए शहर की जनता का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह उन्हीं के सही मत का परिणाम है कि शहर में इतनी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। पार्षद प्रमोद सोनी ने कहा कि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड आने के बाद शहर में अभूतपूर्व विकास हुए हैं। इससे पहले के बोर्ड में वार्ड 33 में अनेकों समस्याएं थी। कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद इन सब समस्याओं का एक-एक कर स्थाई समाधान हो रहा है। इस मौके पर वार्ड वासियों की ओर से पार्षद प्रमोद सोनी के नेतृत्व में सभापति, उपसभापति, निर्माण समिति अध्यक्ष का शॉल ओढ़ाकर, पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात केक काटकर सभापति बंसल का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर पार्षद अर्चित अग्रवाल, गुरदीप सिंह चहल, अब्दुल हाफिज, पार्षद प्रतिनिधि मनोज बड़सीवाल, मनमोहन सोनी सहित कई गणमान्य नागरिक व वार्डवासी मौजूद थे।