नई दिल्ली
अगर आप एक छोटा उद्यम (SME) चला रहे हैं और आपको फंड की जरूरत है, तो आपके लिए एक नया आसान विकल्प आया है। फंड का यह ऑप्शन ग्लोबल सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक दे रही है, जिसने इसके लिए ऑनलाइन लोन बांटने वाली कंपनी इंडिफाई से साझीदारी की है। फेसबुक यह कवायद इसलिए कर रही है, ताकि उसके प्लेटफॉर्म और दूसरे ऐप पर ज्यादा-से-ज्यादा कंपनियों के विज्ञापन आ सकें।
पांच लाख से लेकर 50 लाख रुपए तक का लोन
इस प्रोग्राम के तहत देश के 200 से ज्यादा शहरों के SME को पांच लाख से लेकर 50 लाख रुपए तक का लोन मिल सकता है। बिना कोलैटरल यानी जमानत वाले लोन के लिए 17 से 20% सालाना तक का ब्याज देना पड़ सकता है। अगर आप एक महिला उद्यमी हैं, तो आपको सामान्य दर से 0.2% कम ब्याज देना पड़ेगा। लोन की कोई प्रोसेसिंग फीस नहीं है और सबको सिर्फ पांच दिन में कर्ज मिल जाएगा।
लोन के साथ ही विज्ञापन से ग्रोथ बढ़ाने का मौका
फेसबुक का कहना है कि छोटे उद्यमों को सपोर्ट देना बहुत फायदेमंद होगा। उनको उसके प्लेटफॉर्म के जरिए लोन तो मिलेगा ही, साथ में पॉपुलर ऐप इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के जरिए अपनी ग्रोथ बढ़ाने का भी मौका मिलेगा। फेसबुक का कहना है कि यह काम वह पैसे कमाने के लिए नहीं कर रही है। उसका कोई रेवेन्यू शेयरिंग नहीं होगा, लेकिन इससे इंडस्ट्री की ग्रोथ को जो बढ़ावा मिलेगा उससे उसका फायदा होगा।
फेसबुक या ग्रुप के दूसरे ऐप का विज्ञापनदाता होना जरूरी
इस प्रोग्राम के तहत लोन उन छोटे उद्यमियों को मिलेगा जो कम-से-कम 180 दिन यानी छह महीने से फेसबुक या उसके ग्रुप के दूसरे ऐप पर विज्ञापन दे रहे होंगे। यह जानकारी फेसबुक इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर अजीत मोहन ने एक वर्चुअल न्यूज कॉन्फ्रेंस में दी है। इस प्रोग्राम से फेसबुक को अपने सोशल नेटवर्क और ऐप पर ऐसे ज्यादा से ज्यादा उद्यमों से ऐड मिल सकेगा।
लोन बांटने और वसूलने का काम इंडिफाई का होगा
यह प्रोग्राम फेसबुक और इंडिफाई की साझीदारी में चलेगा लेकिन लोन बांटने और वसूल करने से जुड़े अहम फैसले ऑनलाइन लेंडर ही करेगा। मोहन ने कहा कि छोटे उद्यमों को कितना लोन बांटा जा सकता है, इसको लेकर कोई लिमिट नहीं लगाई गई है।
बैंकों के साथ साझीदारी मजबूत करने की वॉट्सऐप की योजना
फेसबुक ने पिछले साल मुकेश अंबानी के जियो प्लेटफॉर्म की डिजिटल यूनिट में 5.7 अरब डॉलर (लगभग 42,400 करोड़ रुपए) का निवेश किया था। इस डील में वॉट्सऐप को देश के लाखों किराना दुकान वालों को अपनी पेमेंट सर्विस ऑफर करने का मौका मिल रहा है। वॉट्सऐप ने पेंशन और इंश्योरेंस जैसी फाइनेंशियल सर्विस बेचने के लिए बैंकों के साथ अपनी साझीदारी मजबूत करने की भी योजना बनाई है।
भारत में वॉट्सऐप मैसेंजर के 53 करोड़ से ज्यादा यूजर
भारत में फेसबुक के 41 करोड़ से ज्यादा यूजर हैं। इसके वॉट्सऐप मैसेंजर को लगभग 53 करोड़ लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां इंस्टाग्राम के भी 21 करोड़ से ज्यादा यूजर हैं, जिसको चाइनीज शॉर्ट वीडियो ऐप टिकटोक पर बैन लगने से बहुत फायदा हुआ है। इतने यूजर्स से कंपनी की ग्रोथ को काफी बढ़ावा मिल सकता है।