Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विमान ईंधन एटीएफ की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, अब पेट्रोल-डीजल की है बारी, चुनाव बाद बढ़ सकते हैं दाम

नई दिल्ली

महंगाई के मोर्चे पर एक बुरी खबर आ रही है। एक बार फिर एटीएफ के दाम बढ़ाए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में बुधवार को 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसके बाद देश में एटीएफ के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। दो महीने से भी कम समय में एटीएफ की कीमतों में यह चौथी बढ़ोतरी है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार 103वें दिन स्थिर बनी रहीं। 

चुनाव बाद महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल 
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव के चलते पेट्रोल-डीजल की कीमतों (Petrol diesel price) में बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ की कीमत 4,481.63 रुपये प्रति किलोलीटर या 5.2 प्रतिशत बढ़कर 90,519.79 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। यह एटीएफ का उच्चतम स्तर है। एटीएफ की कीमत अगस्त, 2008 में 71,028.26 रुपये प्रति किलोलीटर थी, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 147 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल को छू गई थीं। ब्रेंट क्रूड तेल का भाव मंगलवार को 93.87 डॉलर प्रति बैरल पर था।

जानें दिल्ली-मुंबई में फ्यूल रेट्स 
 IOC द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक महानगरों में मुंबई में पेट्रोल सबसे महंगा 109.98 रुपये लीटर और दिल्ली में सबसे सस्ता 95.41 रुपये है। वहीं पटना में पेट्रोल कोलकाता (104.67), चेन्नई  (101.40 ) और बेंगलुरु (100.58)  से भी महंगा है। जबकि, देश में सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल पोर्ट ब्लेयर में तो सबसे महंगा राजस्थान के श्रीगंगानगर में है।