Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विराट कोहली दोबारा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान बनेंगे या नहीं, डेनियल विटोरी ने दिया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली

आईपीएल 2022 का कार्यक्रम जारी होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) पर नए कप्तान का ऐलान करने का दबाव बढ़ता जा रहा है। विराट कोहली पिछले सात साल से टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन पिछले साल ही उन्होंने कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी थी। 33 साल के विराट अब बतौर बल्लेबाज टीम के लिए खेलेंगे। कई प्रशंसकों ने कप्तान के रूप में विराट की वापसी की मांग की है, लेकिन आरसीबी के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी का मानना है कि फ्रेंचाइजी अब दूसरे विकल्प की तलाश करेगी। 

बैंगलोर ने IPL मेगा ऑक्शन 2022 में फाफ डु प्लेसिस को 7 करोड़ रुपये में जबकि दिनेश कार्तिक को 5.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। दोनों के पास कप्तानी का अनुभव है। उनके अलावा बिग बैश लीग (बीबीएल) में कप्तानी करने वाले ग्लेन मैक्सवेल भी आरसीबी की अगुआई कर सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी इन्हीं में से किसी एक को टीम की कमान सौंप सकती है। आरसीबी 27 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से आईपीएल 2022 में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।