Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वीकेंड कर्फ्यू में नजर आया तीसरी लहर का खौफ

  • आवश्यक सेवाओं को छोड़कर पूर्णतया बंद रहा बाजार, चौक-चौराहे पर मुस्तैद रहे पुलिस जवान
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कोरोना की तीसरी लहर का खौफ रविवार को इस साल के पहले वीकेंड कर्फ्यू में साफ नजर आया। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाजार पूर्णतया बंद रहे। व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखी। वीकेंड कर्फ्यू की पालना करवाने के लिए शहर के हर चौक-चौराहे पर पुलिस जवान मुस्तैद रहे। पुलिस जवानों ने बाजार में आए लोगों को घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। बेवजह बाजार में निकले लोगों से समझाइश की गई। आवश्यक सेवाओं के लिए घरों से निकले लोगों को जांच के बाद जाने दिया गया। वीकेंड कर्फ्यू के चलते बाजार के मेडिकल स्टोर, सब्जी-फल और किराना सामान की दुकानें खुली रहीं। किराना की भी इक्का-दुक्का दुकानें ही खुलीं। लोग भी आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाजारों में दुकानें बंद रहने से सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखी। बस और रेलवे स्टेशन पर बेहद कम यात्री नजर आए। पुलिस ने बाजारों में पैदल गश्त कर लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने, मास्क लगाने और बिना काम घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की। शहर में बाजार बंद रहने से बिना वजह निकलने वाले कम थे। हालांकि शहर में सर्दी के चलते ज्यादातर रोड पर कम ही वाहन नजर आए। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू की शुरुआत की है। शनिवार रात 11 बजे से शहर में वीकेंड कर्फ्यू लागू हो गया था। यह सोमवार अल सुबह 5 बजे तक रहेगा।