Tuesday, September 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वीडीओ पर जातिसूचक गालियां देने व अभद्र व्यवहार करने का आरोप

  • विभागीय कार्रवाई करने की मांग, विरोध-प्रदर्शन कर जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ग्राम विकास अधिकारी पर जातिसूचक गालियां देने व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री युवा संबल योजना (बेरोजगारी भत्ता) के तहत इन्टर्नशिप में कार्यरत युवक को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को गोलूवाला के ग्रामीणों ने जिला कलक्ट्रेट में विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद मांग के संबंध में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंप वीडीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर राकेश कुमार निवासी गोलूवाला निवादान ने बताया कि वह ग्राम पंचायत गोलूवाला में मुख्यमंत्री युवा संबल योजना (बेरोजगारी भत्ता) के तहत इन्टर्नशिप में फरवरी माह से कार्यरत है। 27 अप्रेल को वह रोजाना की तरह पंचायत घर में ग्राम विकास अधिकारी सुशील कुमार के कहने पर फाइलों का काम कर रहा था। इसी दौरान ग्राम विकास अधिकारी सुशील कुमार ने बिना किसी वजह के उसे जातिसूचक गालियां निकाली व अभद्र व्यवहार किया। जब उसने इस प्रकार के व्यवहार के लिए मना किया तो वीडीओ मारपीट करने पर उतारू हो गए। धक्का देकर बाहर निकालने की कोशिश की। उसके चरित्र पर भी बिना वहज कीचड़ उछाला। पूरे स्टाफ के सामने बेइज्जत करने से वह मानसिक तौर पर काफी दबाव महसूस कर रहा है। विद्यार्थी होने के चलते इस घटना के बाद अपनी पढ़ाई पर भी ठीक तरीके से ध्यान नहीं दे पा रहा। राकेशा कुमार ने आरोप लगाया कि वीडीओ सुशील कुमार ने उसे स्पष्ट तौर पर धमकी दी है कि इन्टर्नशिप का समय पूरा होने के बावजूद भी उसकी हाजरी नहीं लगाई जाएगी। जब उसने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तो वीडीओ ने कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उसकी पहुंच उच्च अधिकारियों व राजनेताओं तक है। राकेश कुमार के अनुसार यह समय उसके लिए विद्यार्थी होने के कारण अति कीमती है लेकिन जब कार्य करने के बावजूद भी हाजरी नहीं लगाई जाएगी तो वह योजना का लाभ नहीं ले पाएगा। साथ ही पढ़ाई भी सुचारू रूप से जारी नहीं रख पाएगा। राकेश कुमार ने वीडीओ सुशील कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की गुहार जिला कलक्टर से लगाई ताकि इस योजना में कार्य कर रहे सभी बेरोजगार युवाओं को अपना कार्य सम्मान से करने की आजादी मिल सके। इस मौके पर रघुवीर वर्मा, महेंद्र शर्मा, हरीश नोखवाल, वेद सुथार, यश चिलाना, जयपाल, संजू, मोनू तंवर सहित कई युवा मौजूद थे।