Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

स्कूटी पाकर खिले बेटियों के चेहरे

  • विधायक-जिला प्रमुख, जिला कलक्टर ने 39 होनहार छात्राओं को वितरित की स्कूटी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    इंदिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार अंतर्गत स्कूटी वितरण समारोह का आयोजन बुधवार को जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक चौधरी विनोद कुमार, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कक्षा 12 में टॉप करने वाली जिले की होनहार 39 बेटियों को स्कूटी का वितरण किया। इंदिरा प्रियदर्शिनी पुरस्कार योजना 2019-20 की 19 जबकि इंदिरा प्रियदर्शिनी स्कूटी योजना 2020-21 की 20 बेटियों को स्कूटी वितरित की गई। स्कूटी प्राप्त करने वाली बेटियों के खिले चेहरे देखकर उनकी खुशी का अंदाजा लगाया जा सकता था। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार की ओर से इस तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। उम्मीद है आने वाले समय में इससे भी अधिक संख्या में बेटियां स्कूटी वितरण के लिए चयनित होंगी। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि स्कूटी वितरण योजना के माध्यम से सरकार की मंशा है कि कक्षा 12 तक की बच्चियां जो अपने गांव में स्कूल की पढ़ाई कर रही हैं, उसके बाद भी वे कॉलेज शिक्षा निरंतर जारी रख सकें। उन्हें मेहनत करने, अच्छे परिणाम और अच्छी पढ़ाई की प्रेरणा मिले। इसलिए होनहार बेटियों को स्कूटी का वितरण किया जा रहा है। राजकीय संस्थानों की तरफ बच्चियों का नामांकन अधिक हो, इसके लिए मिड-डे मील, पोषाहार, कक्षा 9 में पढ़ने वाली बेटियों को साइकिल, कक्षा 8, 10 व 12 में अच्छे नम्बर लाने वाले बच्चों को लेपटॉप प्रदान किए जाते हैं। डिडेल ने कहा कि इन सब योजनाओं के कारण प्रदेश के सरकारी संस्थानों में नामांकन में वृद्धि हुई है। कोरोना काल ने राजकीय स्कूलों में एक स्वर्णिम युग की तरह वापस शुरूआत की है। शिक्षकों की मेहनत की बदौलत बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल रही है। इस प्रकार की योजनाओं से सभी बच्चों को फायदा होगा। समारोह में पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़, जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, गुरमीत सिंह चन्दड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी हंसराज जाजेवाल, प्रधानाचार्य सीमा भल्ला, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रणवीर शर्मा आदि मौजूद थे।