नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश में वैक्सीनेशन की स्थिति और कोरोना के हालात पर बैठक की। इसमें वैक्सीनेशन ड्राइव की समीक्षा की गई। मीटिंग में PMO के अधिकारी, स्वास्थ्य सचिव और नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल मौजूद हुए।
यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने दिसंबर तक 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया है। देश में डेल्टा+ वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच यह फैसला अहम साबित हो सकता है।
वैक्सीनेशन का आंकड़ा 31 करोड़ के पार
देश में अब तक कोरोना वैक्सीन के 31.48 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। इनमें 26.02 करोड़ को पहला और 5.45 करोड़ को दोनों डोज लग चुके हैं। 21 जून से देश भर में नई गाइडलाइंस के हिसाब से वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू होने के बाद से लगातार 50 लाख से ज्यादा डोज लगाए जा रहे हैं। कोविन ऐप के मुताबिक, शनिवार को ही शाम साढ़े 5 बजे तक 56.31 लाख डोज लगाए जा चुके हैं।
बीते दिन 48,618 नए केस मिले
देश में शुक्रवार को कोरोना के 48,618 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। इस दौरान 64,524 लोगों ने कोरोना को मात दी लेकिन 1182 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे संक्रमितों की संख्या में 17,101 की कमी रिकॉर्ड की गई है।
10 राज्यों में संक्रमण दर 5% से ज्यादा
देश में कोरोना के काबू होते हालात के बीच चिंता की बात यह है कि 10 राज्यों में अब भी संक्रमण दर 5% से ज्यादा बनी हुई है। यानी इन राज्यों में अब भी हर 100 टेस्ट पर 5 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इनमें सिक्किम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, केरल, नगालैंड, गोवा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।