लंदन
टीम इंडिया इस समय इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला खेल रही है। लगाचार चौथे मैच में कप्तान विराट कोहली ने ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग-11 से बाहर रखा। कई क्रिकेट दिग्गज विराट के इस फैसले से असहमति जता रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने तो इसे पागलपन करार दे दिया है।
अश्विन के नाम 413 टेस्ट विकेट और 5 शतक
वॉन ने ट्वीट कर लिखा जिस खिलाड़ी के नाम टेस्ट क्रिकेट में 413 विकेट और 5 शतक हो उसे प्लेइंग-11 से बाहर रखना पागलपन है। वॉन तीसरे टेस्ट में भी अश्विन को मौका न दिए जाने पर हैरानी जता चुके हैं। भारत और इंग्लैंड की टीमें तीन टेस्ट मैच के बाद 1-1 की बराबरी पर हैं।
हर्षा भोगले ने भी हैरानी जताई
दिग्गज क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी अश्विन को प्लेइंग-11 में शामिल न किए जाने को लेकर हैरानी जताई। उन्होंने लिखा-उम्मीद है कि जो फैसले लिए गए वे सही साबित हों, लेकिन अश्विन को बाहर रखना समझ से परे है।
नेहरा और कैफ भी थे अश्विन के पक्ष में
इस सीरीज में कमेंट्री कर रहे टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि अश्विन को मौका दिया जाएगा। अश्विन के होने से भारतीय गेंदबाजी में धार आती है और निचले क्रम में बल्लेबाजी को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा- शायद विराट कोहली चार तेंजबाजों की रणनीति पर डटे रहना चाहते हैं। पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भी कहा कि अश्विन को इस मैच में खेलना चाहिए था।
3 टेस्ट में सिर्फ 2 विकेट लिए हैं जडेजा ने
भारतीय टीम इस सीरीज के सभी मैचों में रवींद्र जडेजा के रूप में इकलौते स्पिनर के साथ उतरी है। जडेजा सीरीज में अब तक सिर्फ 2 विकेट ले पाए हैं। पहले दो टेस्ट में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था। बतौर बल्लेबाज भी वे खास कारनामा नहीं कर सके हैं। उन्होंने 4 टेस्ट मैचों की 6 पारियों में अब तक 143 रन बनाए हैं। उनका औसत 23.83 का रहा है।
चौथे टेस्ट में भारत की प्लेइंग-11
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।