बीकानेर

शराब की दुकान के पास ही विरोध में उतरे स्थानीय निवासी व मंदिर के श्रद्धालु।
- गुरुवार को ही श्रद्धालुओं ने विरोध का ले लिया था निर्णय
- दुकान के सामने टायर जलाकर की जमकर नारेबाजी
- प्रसिद्ध मंदिर का हवाला देते हुए दुकान बंद करने की मांग
बीकानेर में नागणेचीजी माता मंदिर के पास शराब की दुकान खोलने का मामला गरमा गया है। शुक्रवार सुबह क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतर आए। इन लोगों ने दुकान बंद करने की मांग की।
श्रद्धालु पहले से थे विरोध में
दुकान के खुलने के साथ ही विरोध की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने गुरुवार को ही विरोध का निर्णय लिया था। इसी के तहत शुक्रवार सुबह दुकान के सामने रास्ता जाम कर विरोध जताया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर भी जलाए। रास्ता बंद होने के कारण लोगों को दूसरी गलियों से होकर निकलना पड़ा।
इसलिए है आक्रोश
श्रद्धालुओं का कहना है कि यहां प्रसिद्ध मंदिर है। बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं। इनमें महिलाएं भी होती हैं। शराब की दुकान के पास ही स्कूल एवं महिलाओं का पार्लर भी है। आधा किलोमीटर दूर शराब की दुकानें पहले से हैं। ऐसे में मंदिर के पास शराब का ठेका स्थापित करने की जरूरत ही नहीं है। आसपास के क्षेत्र में कई अस्पताल व चिकित्सकों के घर भी हैं, जहां बीमार लोग पहुंचते हैं। ऐसे कई कारण गिनाते हुए शराब दुकान का विरोध हो रहा है।