सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। शराब गोदाम की आड़ में शराब बिक्री के विरोध में पार्षद कमला बिश्नोई के अगुवाई में जारी विरोध गुरुवार को हुए घटनाक्रम के बाद और तेज हो गया। ऐसे में शुक्रवार सुबह ही लोगों ने गोदाम की आड़ में बेची जा रही शराब और ठेका बन्द करवाने के लिए एसएसबी रोड पर चक्का जाम किया। एसएसबी रोड के सौ फुट रोड तिराहे पर पार्षद कमला बिश्नोई की अगुवाई में लगे धरने पर चारों तरफ से महिलाओं और पुरुषों ने सुबह 8 बजे से ही लोगों की आवााजाही रोक दी। इससे दोनों तरफ दोपहिया और चार पहिया वाहनों की कतार लग गई। एसएसबी रोड पर एसएसबी गेट के पास तक वाहन नजर आने लगे। देर तक बीच रास्ते खड़े रहने के बाद कुछ लोगों ने रास्ता बदलना उचित समझा। वहीं डिवाइडर के कट से कुछ लोगों ने वाहनों को वापस कालूवाला की तरफ मोड़ दिया। शाम तक जारी रहे चक्का जाम के बावजूद प्रशासन की ओर से इसमें शामिल लोगों से वार्ता के लिए प्रशासन का कोई भी अधिकारी या प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। जाम के दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़ रोके वाहन चक्का जाम के दौरान सेना के वाहनों और कुछ अन्य जरूरी वाहनों को नहीं रोका गया। सेना का वाहन आते ही बीच रास्ते से पार्षद बिश्नोई जाम में शामिल लोगों को इनके लिए रास्ता छोड़ने के लिए कहती। पार्षद बिश्नोई ने बताया कि गुरुवार को धरने पर बैठे लोगों पर जीप चढ़ाने के आरोपितों के खिलाफ अभी तक मुकद्दमा भी दर्ज नहीं किया गया है। अगर ठेका बन्द नहीं किया गया और आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई तो सोमवार को मीरा चौक पर चक्का जाम किया जाएगा।