Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शहरी क्षेत्र के बेरोजगार व असहाय लोगों को मिलेगा 100 दिन का रोजगार : गोविन्द राम मेघवाल

  • जिला प्रभारी मंत्री ने किया इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का शुभारंभ
  • राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    प्रदेश में शुक्रवार को इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का आगाज हुआ। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर जिला प्रभारी मंत्री और आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविन्द राम मेघवाल ने जंक्शन के राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का विधिवत शुभारंभ किया। जिला प्रभारी मंत्री ने स्टेडियम में रंगाई-पुताई का कार्य अपने हाथों से शुरू कर योजना का शुभारंभ किया। यह कार्य करीब 2.83 लाख रुपए की लागत से करवाया जाएगा जो नगर परिषद क्षेत्र में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष 2022-23 के लिए 6 करोड़ रुपए की लागत से करवाए जाने वाले 125 अनुमत कार्यांे में शामिल है। जिला प्रभारी मंत्री की ओर से महिला श्रमिकों को इस मौके पर जॉब कार्ड भी वितरित किए गए। साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल को लेकर खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट का वितरण भी जिला प्रभारी मंत्री ने किया और खेल किट से भरी गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के शुभारंभ मौके पर जिला प्रभारी मंत्री गोविन्द राम मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना ने सभी की हालत खराब कर दी थी। किसी का रोजगार खत्म हो गया या कम हो गया। कोरोना काल में कई दिनों तक घरों में बंद रहना पड़ा। छोटी-छोटी फैक्ट्रियां, छोटे-छोटे उद्योग-धंधे बंद हो गए। इसे ध्यान में रखते हुए बेराजगार-असहाय व बिना जमीन-मकान वाले लोगों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना शुरू की है। इसमें वर्ष 2022-23 के बजट में करीब 800 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। इसमें भी बजट का मुख्यमंत्री की ओर से अलग-अलग बंटवारा किया गया है। इसके तहत 20 करोड़ रुपए नगर निगम में, 6 करोड़ रुपए नगर परिषद में और 2 करोड़ रुपए नगर पालिका के लिए आवंटित किए हैं। आज सभी जगह इस योजना का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने समय-समय पर अपनी दूरदर्शिता का परिचय देते हुए समय-समय पर जरूरतमंद को रोजगार उपलब्ध करवाया। कोरोना काल में राजस्थान पहला ऐसा राज्य रहा जहां बहुत कम मौतें इस महामारी से हुई। रोजगार भी उपलब्ध करवाया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब मनरेगा योजना शुरू की गई। इसका लाभ यह हुआ है कि कोरोना काल में भी मनरेगा मजदूरों को काम मिलता रहा। अब जब शहर में योजना नहीं थी तो मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना लेकर आए हैं। यह योजना शुरू करने से शहरी क्षेत्र के बेरोजगार व असहाय लोगों को 100 दिन का रोजगार मिलेगा। 18 से 60 साल तक का व्यक्ति इस योजना के तहत रोजगार प्राप्त कर सकेगा। अगर किसी को किसी कारण से रोजगार नहीं मिल पाता है या किसी का जॉब कार्ड नहीं बनता है तो समय-समय पर जिला कलक्टर को अवगत करवाएं। सरकार हर तरह से आपका ध्यान रखेगी। विधायक चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि आज का दिन इतिहास में लिखा जाएगा। क्योंकि राजस्थान के लिए इस तरह की महत्वाकांशी योजना अपने आप में बहुत बड़ी योजना है। बेरोजगारी पर अंकुश लगाने का एक ही तरीका है और वह है हर हाथ को काम मिले। इसी दिशा में प्रदेश के मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन कच्ची बस्तियों जहां पानी, सड़क, हॉस्पिटल सहित अन्य सुविधाएं नहीं हैं, उनका भी नियमन करने की बात कही है। विधायक ने कहा कि बैठकर इस बात पर पुनर्विचार करने की जरूरत है कि इस योजना के तहत ऐसे कौनसे काम किए जाएं जिससे शहर का और विकास हो सके। इनमें पार्क भी शामिल हैं। हनुमानगढ़ में करीब 300 पार्क हैं। हर पार्क को विकसित करने की अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जाए तो उनका रख-रखाव बेहतर तरीके से होता है। इसके अलावा शहर में जगह-जगह सड़क किनारे उगे झाड़-झंखाड़ आदि की कटाई का कार्य भी इस योजना के तहत चयनित किया जा सकता है। यह कार्य होने से शहर की सुंदरता में भी चार चांद लगेंगे। साथ ही बेरोजगारों को रोजगार मिल सकेगा। विधायक ने कहा कि इस योजना में आम रास्तों पर मिट्टी डलवाने का कार्य भी शामिल किया जा सकता है। इससे रास्ता तो खुलेगा ही किसानों को भी फायदा होगा। समारोह में जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जिला कलक्टर नथमल डिडेल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, एडिशनल एसपी जस्साराम बोस, सीओ प्रशांत कौशिक, डीवाईएसपी प्रहलाद राय, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, निर्माण समिति अध्यक्ष व पार्षद सुमित रणवां, आयुक्त पूजा शर्मा, एक्सईएन सुभाष बंसल, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, जिला परिषद सदस्य प्रवीणा मेघवाल, टिब्बी पंचायत समिति प्रधान निक्कूराम, एसडीएम डॉ. अवि गर्ग, भूपेन्द्र चौधरी, पार्षद मनोज सैनी, गुरदीप सिंह चहल, गुरमीत सिंह, अब्दुल हाफिज, विजेन्द्र सार्इं, राजेन्द्र शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मनोज बड़सीवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि-अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।