Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शहर के हृदयस्थल पर स्थित शहीद भगतसिंह चौक के निर्माण कार्य का शिलान्यास

  • करीब तीन माह में कार्य पूरा होने की उम्मीद, 50 लाख रुपए की लागत से बदलेगी चौक की सूरत, स्थापित होगी शहीद भगतसिंह की साढ़े सात फीट ऊंची धात्तु से निर्मित मूर्ति
  • आवागमन में दिक्कत न हो इसलिए कम की पूर्व में बने चौक की सवा मीटर गोलाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन शहर के हृदयस्थल पर स्थित शहीद भगतसिंह चौक के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास बुधवार को हुआ। करीब 50 लाख रुपए की लागत से हो रहे पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां, पार्षद कौरसिंह खोसा व पार्षद हिमांशु महर्षि ने किया। नगर परिषद की ओर से करीब 50 लाख रुपए की लागत से करवाया जा रहा शहीद भगतसिंह चौक का जीर्णोद्धार कार्य करीब तीन माह में पूरा होने की उम्मीद है। चौक में पूर्व में स्थापित शहीद भगतसिंह की पत्थर की प्रतिमा की जगह धात्तु से निर्मित करीब साढ़े सात फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। नगर परिषद की ओर से शहीद भगतसिंह चौक का डिजाइन एमएनआईटी जयपुर से तैयार करवाया गया है। उसी डिजाइन के अनुसार चौक का निर्माण करवाया जाएगा। चौक के नजदीक ही जहां टेम्पो खड़े होते हैं वहां आइसलेंड पार्क का निर्माण करवाया जा रहा है। पार्क के लिए भी धात्तु से 11 मूर्तियां तैयार करवाई गई हैं। इनमें 7 मूर्तियां कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत करने वाले कलाकारों जबकि 4 मूर्तियां बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देने वाली हैं। जीर्णाेद्धार कार्य पूरा होने के बाद शहर के हृदयस्थल का सौंदर्यकरण बढ़ेगा। चौक का निर्माण कार्य शुरू होने से पहले करीब दो माह से पूर्व में हुए निर्माण को तोड?े का कार्य चल रहा था। सभापति गणेश राज बंसल ने ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर सभापति गणेश राज बंसल ने बताया कि नगर परिषद की ओर से शहीद भगतसिंह के भव्य चौक का निर्माण करवाया जाएगा। पूर्व में यहां स्थापित शहीद भगतसिंह की मूर्ति को उतारकर नगर परिषद में लगवाया गया है। जल्द ही नगर परिषद की ओर से शहरवासियों को भव्य चौक की सौगात दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में बने चौक की गोलाई सवा मीटर कम की गई है ताकि आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो और चौक का सौन्दर्यकरण बना रहे। वहीं निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां ने बताया कि शहीद भगतसिंह चौक का आकर्षक डिजाइन तैयार करवाया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहीद भगतसिंह चौक शहर का मुख्य आकर्षण का केन्द्र होगा। करीब तीन माह में चौक का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। पार्षद कौरसिंह खोसा ने कहा कि शहर के चहुंमुखी विकास के लिए नगर परिषद का बोर्ड कार्य कर रहा है। इसी के तहत शहर के हृदयस्थल का जीर्णाेद्धार करवाया जा रहा है। चौक के निर्माण से शहर की सुंदरता में चार चांद लगेंगे। नगर परिषद के एईएन मेघराज ने बताया कि यातायात को सुगम बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से चौक का एमएनआईटी जयपुर से डिजाइन तैयार करवाया गया है। चौक के चारों तरफ गोलाई में जोधपुरी पत्थर लगाया जाएगा। अंदर इंटरलॉकिंग की जाएगी व पौधरोपण किया जाएगा। फुटपाथ का निर्माण भी होगा। आकर्षक लाइटिंग की जाएगी। इस मौके पर जेईएन विनोद पचार, अजय शर्मा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *