जयपुर
बारां जिले के शाहबाद कस्बे में एक दिन के अंतराल में दूसरी बार भारी बारिश हुई। इससे वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। आज दूसरे दिन भी 10 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। पहले शनिवार को यहां एक फुट तक पानी बरसा था। भारी बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए। खेतों में एक-एक फीट तक पानी भर गया।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण पार्वती, चंबल ओवरफ्लो हो गई। चंबल, पार्वती नदियों का लेवल बढ़ने से इन पर बने बांधों से पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। कोटा बैराज से इस साल मानसून में आज पहली बार 2 गेट खोलकर 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। भरतपुर में आंगई पार्वती बांध के 20 गेट 4 फुट ऊंचाई में खोलकर पूरी क्षमता के साथ पानी की निकासी की जा रही है।
मौसम विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को सबसे ज्यादा बारां के शाहबाद में 246MM (करीब 10 इंच) बारिश दर्ज हुई। सवाई माधोपुर में 215MM (करीब 9 इंच) और करौली जिले के सपोटरा में 184MM (7 इंच से ज्यादा) बारिश दर्ज की गई। आज बारां, सवाई माधोपुर, करौली, अलवर, धौलपुर में अन्य कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। वहीं जयपुर, भरतपुर, दौसा, कोटा, टोंक, बूंदी जिलों में अच्छी बारिश हुई।
जयपुर में सुबह से झमाझम, सड़कों पर आधा फीट पानी भरा
जयपुर में पिछले 3 दिन से बारिश का दौर जारी है। सुबह करीब 4 बजे से शुरू हुई बारिश 10 बजे तक जारी रही। चारदीवारी समेत शहर के अधिकांश सड़कों पर पानी भर गया। लोग भी सुबह-सुबह बारिश का मजा लेते नजर आए। चारदीवारी के अलावा सीकर रोड, अजमेर रोड 200 फीट बाइपास, एमआई रोड सहित कई जगह सड़कों पर आधा से एक फीट तक पानी भर गया। सुबह दफ्तर व अन्य काम से जाने वाले लोग बारिश के कारण जाम में फंस गए। सीकर रोड पर पानी भरने से ट्रैफिक संचालन प्रभावित हो गया। जयपुर के चौंमू कस्बे में मलेश्वर धाम में तेज बारिश के बाद पहाड़ों से झरने शुरू हो गए।
बूंदी में मकान गिरने से बच्चे की मौत
लगातार बारिश से बूंदी के कापरेन कस्बे के बालापुरा गांव में एक मकान की दीवार ढह गई। रविवार रात तीन बजे हुई घटना से मकान में सो रहे रामेश्वर मीणा (37) व उनकी पत्नी (35) घायल हो गए, जबकि पास में सो रही 8 साल के बच्चे की दबने से मौत हो गई। एक बच्ची को मामूली चोट आई है। घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
यहां हुई तेज बारिश
मौसम विभाग और जल संसाधन विभाग से मिली रिपेार्ट के मुताबिक बारां के छीपाबड़ौद 102MM, छबड़ा 82, सवाई माधोपुर के खंडार में 145, मलारना डूंगर 129, चौथ का बरवाड़ा 116, बामनवास 96, बौंली 82, गंगापुरसिटी 69, करौली के मंडरायल 151, करौली शहर 135, कोटा के खातौली 142, पीपल्दा 65, भरतपुर के वैर 91, अजमेर के पुष्कर 68, पीसांगन 70, मांगलियावास 66, दौसा के नांगल राजावतान 120, दौसा शहर 83, राहुवास 80, बसवा 70, धोलपुर के सरमथुरा में 127, टोंक के अलीगढ़ 78, नागौर के रिया बड़ी 124, झालावाड़ के बकानी 88, असनावर 80, रायपुर 79, पचपहाड़ 75, डग 68, अलवर जिले के शहर में 149, मालाखेड़ा 98, मंडावर 67 और बानसूर में 65MM बारिश दर्ज की गई।