शुक्रवार को अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ के चलते गुरुवार के मुकाबले थोड़ा कमजोर पड़ी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट की फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ ने शनिवार को फिर पलटा मारा है। फिल्म ने शनिवार को 26.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करके एक नया रिकॉर्ड बना दिया। इस दिन इसका कुल कलेक्शन 33.67 करोड रुपये रहा। कुल कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिन में ही सौ करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। ये इस साल रिलीज हुई किसी भी भाषा की फिल्म का शुरू के तीन दिन का देश में सबसे बड़ा कलेक्शन भी है।
फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ को भारत में रिलीज करने वाली कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट में इन दिनों जश्न का आलम है। फिल्म ने 41.50 करोड़ की कुल ओपनिंग में 32.67 रुपये की कमाई करके रिलीज के दिन गुरुवार को ही धमाका कर दिया था। शुक्रवार को इसका कुल कलेक्शन 25.67 करोड़ रुपये और नेट कमाई 20.37 करोड़ रही लेकिन शनिवार को फिल्म ने बीते दिन के मुकाबले 30 फीसदी का उछाल देखा। शनिवार को फिल्म का कुल कलेक्शन 33.67 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 26.10 करोड़ रुपये रहा।